रिपोर्ट के अनुसार, असमानता के चलते भारत की एचडीआइ में 30.7% की कटौती भी हुई है, जो पूरे क्षेत्र में सबसे अधिक है। स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में असमानता में कमी आई है, लेकिन आय और लैंगिक अंतर अब भी चुनौती बने हुए हैं। महिला श्रम भागीदारी और राजनीतिक प्रतिनिधित्व में कमी की बात स्वीकार करते हुए रिपोर्ट ने हालिया महिला आरक्षण कानून को बदलाव की दिशा में सकारात्मक कदम बताया है।
भारत में जीवन प्रत्याशा बढ़कर 72 वर्ष हुई है जो अब तक की सर्वाधिक है। औसत स्कूली शिक्षा के वर्षों में वृद्धि (6.57 से 6.88 वर्ष) और प्रति व्यक्ति सकल राष्ट्रीय आय में वृद्धि (8,475.68 से 9,046.76 डॉलर परचेजिंग पॉवर पैरिटी) देश की आर्थिक प्रगति का संकेत देती है। शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय शिक्षा नीति, समग्र शिक्षा अभियान और शिक्षा के अधिकार कानून जैसे प्रयासों की भी रिपोर्ट में सराहना की गई है। रिपोर्ट ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआइ) को भारत के लिए अवसर बताया है, जहां 20% भारतीय एआइ शोधकर्ता अब देश में ही कार्यरत हैं और इसकी पहुंच कृषि से स्वास्थ्य तक के क्षेत्रों में बढ़ रही है।