तीन साल बाद दिल्ली को मिला घरेलू कैडर का पुलिस कमिश्नर
दिल्ली में एसबीके सिंह के पुलिस कमिश्नर बनने के साथ ही साल 2022 के बाद से चल रही बाहरी कैडर से दिल्ली पुलिस प्रमुख नियुक्त करने की परंपरा भी समाप्त हो गई है। मौजूदा पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा तमिलनाडु कैडर से थे। जबकि उनके पूर्ववर्ती राकेश अस्थाना गुजरात कैडर से थे। एसबीके सिंह AGMUT काडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हैं। दिल्ली के गृह विभाग ने कुछ समय पहले ही संजय अरोड़ा की सेवानिवृत्ति की तारीख की आधिकारिक घोषणा की थी। हालांकि उनके कार्यकाल को बढ़ाए जाने की चर्चाएं भी थीं, लेकिन अंततः गुरुवार को उन्हें औपचारिक रूप से विदाई दी गई।
पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा को दी गई विदाई पार्टी
दिल्ली के निवर्तमान पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा ने गुरुवार को दिल्ली के किंग्सवे कैंप स्थित पुलिस मुख्यालय में आयोजित विदाई समारोह में हिंदी में भावुक भाषण दिया। उन्होंने अपने कार्यकाल को यादगार बताया और कहा कि अब वह अपने पद से सम्मानपूर्वक विदा ले रहे हैं। इस मौके पर उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे। जिनमें उनकी पत्नी और बच्चे शामिल हैं। विदाई समारोह में संजय अरोड़ा ने अपने 37 सालों की पुलिस सेवा को याद करते हुए अपने सहयोगियों और अधीनस्थ अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने ड्यूटी के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों को भी श्रद्धांजलि दी।
कौन हैं वरिष्ठ IPS एसबीके सिंह?
वरिष्ठ IPS अधिकारी एसबीके सिंह ने 1986 में दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफंस कॉलेज से भौतिकी (फिजिक्स) में स्नातक किया था। इसके बाद वे भारतीय पुलिस सेवा में शामिल हुए। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत दिल्ली के मध्य जिले में सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) के रूप में की। फिर 1992 में उन्हें अरुणाचल प्रदेश में पुलिस अधीक्षक (SP) बनाया गया। एसबीके सिंह ने अपने सेवाकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। साल 2018 में उन्हें अरुणाचल प्रदेश का पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया और फिर 2019 में मिजोरम के डीजीपी बने। 2022 में उन्हें दिल्ली पुलिस में उत्तर रेंज का विशेष पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) नियुक्त किया गया।
पत्नी भी पुलिस परिवार कल्याण समिति की रह चुकी हैं सदस्य
वरिष्ठ IPS एसबीके सिंह का पुलिस परिवार से गहरा नाता है। उनकी पत्नी सुशी सिंह पुलिस परिवार कल्याण समिति की सदस्य रही हैं। उनके दो बेटियां हैं, जो इस समय अमेरिका में निवास करती हैं। दिल्ली पुलिस कमिश्नर बनने के बाद वरिष्ठ IPS एसबीके सिंह के सामने दिल्ली में बढ़ते अपराध पर लगाम लगाने की चुनौती है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि एसबीके सिंह अपने इस नए कार्यकाल में राजधानी दिल्ली की कानून व्यवस्था को किस तरह दिशा देंगे।