scriptनौसेना और कोस्ट गार्ड को मिलेगा Made‑in‑India C‑295 विमान, जानिए इसकी खासियत | Navy and Coast Guard will get Made‑in‑India C‑295 aircraft, know its specialties | Patrika News
राष्ट्रीय

नौसेना और कोस्ट गार्ड को मिलेगा Made‑in‑India C‑295 विमान, जानिए इसकी खासियत

C‑295MW एक मल्टी‑रोल टैक्टिकल ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट है, जिसे Airbus (स्पेन) और Tata समूह (भारत) की साझेदारी से तैयार किया जा रहा है। यह हल्का लेकिन शक्तिशाली विमान सैनिकों, पैराट्रूपर्स, मेडिकल मरीजों और भारी उपकरणों को ढोने में सक्षम है।

भारतJul 26, 2025 / 03:34 pm

Shaitan Prajapat

India‑made C‑295 (Image Source: Patrika)

Made‑in‑India C‑295: भारत अब न सिर्फ वायुसेना, बल्कि नौसेना और तटरक्षक बल के लिए भी आधुनिक और स्वदेशी विमान तैयार कर रहा है। पुराने Avro ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट की जगह अब C‑295MW विमान लेने जा रहा है। यह निर्णय भारत की समुद्री सीमाओं की निगरानी और सुरक्षा को और भी मजबूत बनाएगा।

क्या है C‑295MW विमान?

C‑295MW एक मल्टी‑रोल टैक्टिकल ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट है, जिसे Airbus (स्पेन) और Tata समूह (भारत) की साझेदारी से तैयार किया जा रहा है। यह हल्का लेकिन शक्तिशाली विमान सैनिकों, पैराट्रूपर्स, मेडिकल मरीजों और भारी उपकरणों को ढोने में सक्षम है। यह छोटे और असमान रनवे पर भी उड़ान भर सकता है – जो दुर्गम क्षेत्रों में बड़ी सुविधा है। भारत ने 2021 में कुल 56 विमानों का ऑर्डर दिया था – जिनमें 16 स्पेन से आएंगे और 40 भारत में वडोदरा स्थित फैक्ट्री में बनाए जाएंगे।

नौसेना और तटरक्षक बल के लिए नया सौदा

अब सरकार ने नौसेना और तटरक्षक बल के लिए भी 15 नए C‑295MW विमानों की योजना को मंजूरी दे दी है। नौसेना को मिलेंगे 9 विमान – मीडियम रेंज मैरीटाइम पेट्रोल और निगरानी कार्यों के लिए। तटरक्षक बल को मिलेंगे 6 विमान – मल्टी-मिशन समुद्री संचालन के लिए। डिफेंस एक्विजिशन काउंसिल (DAC) ने इसकी “एक्सेप्टेंस ऑफ नेसेसिटी” को मंजूरी दी है और अब इस पर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कमर्शियल बिड दिसंबर 2025 तक जमा होंगी।

C‑295 की प्रमुख खूबियां

लोडिंग क्षमता: 5‑10 टन, 70 सैनिक या 50 पूरी तैयारी वाले पैराट्रूपर्स को ले जाने की क्षमता।
रनवे जरूरत: सिर्फ 670 मीटर में टेकऑफ और 320 मीटर में लैंडिंग – छोटे रनवे के लिए आदर्श।
उड़ान समय: 11 घंटे तक लगातार उड़ान, अधिकतम गति 480 किमी/घंटा।
तकनीकी सुरक्षा: दुश्मन के रडार से बचने के लिए आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर सिस्टम।
आपात स्थिति के लिए तैयार: मेडिकल इमरजेंसी में 24 स्ट्रेचर तक ले जा सकता है।
रियर रैंप: सैनिकों और भारी उपकरणों को हवा से सीधे गिराने की सुविधा।

‘मेक इन इंडिया’ का गौरव

यह पहली बार है जब भारत की कोई निजी कंपनी (Tata) स्वदेशी सैन्य ट्रांसपोर्ट विमान बना रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2023 में इस प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया था। वायुसेना को अभी तक 15 विमान मिल चुके हैं, और 2026 तक पहला पूर्ण रूप से भारत में बना C‑295 विमान सेवा में आ जाएगा।

Hindi News / National News / नौसेना और कोस्ट गार्ड को मिलेगा Made‑in‑India C‑295 विमान, जानिए इसकी खासियत

ट्रेंडिंग वीडियो