हरयाळो राजस्थान : जोधपुर में हरियाली का शंखनाद, जवानों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
सीमा के प्रहरी बने पर्यावरण के रक्षक, हरयाळो महायज्ञ में बीएसएफ के जवानों ने दी आहुतियां, राजस्थान पत्रिका के ‘हरयाळो राजस्थान’ अभियान में जोश-उमंग से गूंजा तेजसिंह स्टेडियम
‘हरयाळो राजस्थान’ अभियान के तहत सीमा सुरक्षा बल के सहायक प्रशिक्षण केंद्र में पौधरोपण करते जवान। फोटो- पत्रिका
राजस्थान को हरा भरा करने के लिए संकल्पित राजस्थान पत्रिका के महाभियान ‘हरयाळो राजस्थान’ के अंतर्गत जोधपुर के मंडोर बालसमंद रोड पर सीमा सुरक्षा बल के सहायक प्रशिक्षण केंद्र में बुधवार सुबह पर्यावरण संरक्षण को समर्पित भव्य पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जवानों के जोश, उमंग और पर्यावरण के प्रति समर्पण भाव ने इस आयोजन को विशेष बना दिया।
तेज सिंह स्टेडियम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बीएसएफ जोधपुर फ्रंटियर के महानिरीक्षक एमएल गर्ग ने पौधरोपण कर अभियान का आगाज किया। उनके साथ वरिष्ठ अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, महिला एवं पुरुष जवान तथा सिविल स्टाफ भी बढ़-चढ़ कर शामिल हुआ। हर जवान ने न केवल पौधा लगाया, बल्कि उसकी नियमित देखभाल और पालने का भी संकल्प लिया। इस अवसर पर पीपल, नीम, गुलमोहर जैसे पर्यावरणीय दृष्टि से उपयोगी पौधों का रोपण किया गया।
महिला शक्ति का उत्साहपूर्ण योगदान
बीएसएफ की महिला जवानों ने भी इस अभियान में पूरी जिम्मेदारी और ऊर्जा के साथ भाग लिया। पौधों को रोपते समय उनके चेहरों पर उत्साह और जिम्मेदारी साफ झलक रही थी। कार्यक्रम की शुरुआत में आध्यात्मिक क्षेत्र पर्यावरण संस्थान समिति के अध्यक्ष रामजी व्यास ने शंखनाद कर आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया। इस अवसर पर बीएसएफ के रिटायर्ड डिप्टी कमांडेंट मनोहर सिंह खींची इन्द्रोका का भी विशेष सहयोग रहा।
ये अधिकारी व गणमान्य लोग रहे मौजूद
राजस्थान पत्रिका जोधपुर के संपादक संदीप पुरोहित ने हरयाळो राजस्थान अभियान की आगामी योजना के बारे में जानकारी दी। आयोजन में बीएसएफ के उप महानिरीक्षक / प्रधान स्टाफ अधिकारी सुधीर हुड्डा, उप महानिरीक्षक (रसद / संचार) राजपाल सिंह, डीआइजी (मेडिकल) हेमंत राजू, कमांडेंट (स्थापना) विजय सिंह, कमांडेंट देवेन्द्रसिंह वरार, विरेन्द्रसिंह व राजकुमार द्वितीय इन कमांड उपस्थित रहे।
यह वीडियो भी देखें
इसके साथ ही नीरजदास उपकमांडेंट, मोहित चौहान चिकित्सा अधिकारी, विनय यादव कमांडेंट (पशु चिकित्सा), कुलजीत सिंह, राजकुमार द्वितीय-इन-कमांड, डॉ. मोहित चौहान, रामकरण, प्रवीन कुमार सिंह उप कमांडेंट, शिव कुमार पटेल, नरेश कुमार, कमलेश रोलनिया, नरेश कुमार, रवि गोदारा, सहायक कमांडेंट सहित अन्य निरीक्षक, उप निरीक्षक एवं सहायक निरीक्षक मौजूद रहे।
Hindi News / Jodhpur / हरयाळो राजस्थान : जोधपुर में हरियाली का शंखनाद, जवानों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प