अधिकारी रोज आश्वासन दे रहे
इधर, किसानों की सुनें तो उन्हें गांवों की सोसाइटी में यूरिया नहीं मिल पा रहा है। अमरवाड़ा, सिंगोड़ी, चौरई और झिलमिली में रोज चक्काजाम हो रहे हैं। किसानों की कतार सहकारी समितियों में लगी है। अधिकारी रोज आश्वासन दे रहे हैं लेकिन किसानों की मांग कम नहीं हो रही है। कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह भी अमरवाड़ा और बिछुआ का दो बार दौरा कर आए। उन्होंने कहा कि खाद की कोई कमी नहीं है। फिर भी सहकारी समितियां वितरण में गड़बड़ी कर रही है। निजी दुकानों में कृषि अधिकारियों की ड्यूटी की बात की जा रही है। फिर भी बिचौलिये कहीं न कहीं सक्रिय हैं। इतनी जांच एजेंसियों होने पर भी कहीं न कहीं गड़बड़ी की जा रही है।
किसानों ने मक्का पर खाद की मात्रा बढ़ा दी
हर दिन विज्ञप्ति जारी हो रही है। कृषि अधिकारियों का तर्क है कि इस समय किसानों ने मक्का पर खाद की मात्रा बढ़ा दी है। एक हेक्टेयर पर दो बोरी वैज्ञानिक अनुशंसा पर डालना चाहिए। वे 3-5 बोरी डाल रहे हैं। दरअसल उनके मजदूरों ने बोरी के हिसाब से मजदूरी तय कर ली है। इसके कारण ये रायता फैला हुआ है। इसे समेटने में कृषि अधिकारियों और प्रशासन को पसीना आ रहा है।
झिलमिली में दूसरे दिन भी किसानों ने किया चक्काजाम
लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को झिलमिली में किसानों ने यूरिया न मिलने पर आक्रोश दिखाया। नेशनल हाइवे पर प्रात 11 से दोपहर 1 बजे तक चक्काजाम कर दिया। चौरई एसडीएम प्रभात मिश्रा पहुंचे। उन्होंने सामने से यूरिया का वितरण कराया। किसानों ने कहा कि यूरिया मिलने पर ही उनका आक्रोश शांत हो पाएगा।