Rajasthan : भरतपुर में पथरी के ऑपरेशन के बाद महिला की अचानक मौत, परिजन बिफरे, रोड किया जाम
Bharatpur News : भरतपुर शहर के एक निजी अस्पताल में शनिवार रात को ऑपरेशन के बाद एक महिला की मौत हो गई। इस के बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा कर दिया।
भरतपुर में पथरी के ऑपरेशन के बाद महिला की मौत (मृतक महिला सुनीता) व भीड़। फोटो पत्रिका
Bharatpur News : भरतपुर शहर के एक निजी अस्पताल में शनिवार रात को ऑपरेशन के बाद एक महिला की मौत हो गई। इस पर परिजनों ने लापरवाही से ऑपरेशन करने का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर हंगामा कर दिया। करीब 3 घंटे हंगामे के बाद डॉक्टर और महिला के परिजनों में सुलह हुई और महिला के परिजन शव को लेकर रवाना हुए।
मृतक महिला के बेटे विक्रम सिंह निवासी हरिजन बस्ती थाना कुहेर ने बताया कि मेरी मां सुनीता (40 वर्ष) पत्नी बबलू के पेट में दर्द हुआ था। इस पर इलाज के लिए शनिवार सुबह 5 बजे निजी हॉस्पिटल लेकर आए। हॉस्पिटल में उनकी सोनोग्राफी कराई गई। सोनोग्राफी में 14 एमएम की पथरी आई। इसके बाद हॉस्पिटल प्रशासन ने मेरी मां सुनीता का पथरी का ऑपरेशन किया। ऑपरेशन शाम 6 बजे हुआ। इसके बाद रात करीब 10.30 बजे सुनीता की मौत हो गई।
पुलिस ने समझाइश कर जाम को खुलवाया। फोटो पत्रिका
पुलिस ने समझाइश कर खुलवाया जाम
मौत की सूचना के बाद सुनीता के परिजनों ने ऑपरेशन के दौरान लापरवाही का आरोप लगाया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल के बाहर हंगामा कर दिया। सुनीता के परिजनों ने हॉस्पिटल के बाहर रोड को भी जाम कर दिया। बाद में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने समझाइश कर जाम को खुलवाया।
परिजन शव को लेकर कुहेर रवाना हुए
पुलिस की मौजूदगी में महिला के परिजन और हॉस्पिटल प्रशासन के बीच वार्ता हुई। दोनों में सहमति बनी और सुनीता के परिजन शव को लेकर कुहेर के लिए रवाना हुए।
दोनों में समझौता हो गया – थाना प्रभारी मदन लाल
मथुरा गेट थाना प्रभारी मदन लाल ने बताया कि अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के बाद महिला की मौत हो गई। महिला के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही से ऑपरेशन करने का आरोप लगाया था। इसके बाद डॉक्टर और महिला के परिजनों में बात हुई। डॉक्टर ने बताया कि महिला की मौत हार्ट अटैक आने से हुई है। इसके बाद दोनों में समझौता हो गया।
Hindi News / Bharatpur / Rajasthan : भरतपुर में पथरी के ऑपरेशन के बाद महिला की अचानक मौत, परिजन बिफरे, रोड किया जाम