पति शेर सिंह की हत्या के आरोप में पत्नी प्रमोद कंवर और प्रेमी राम सिंह अरेस्ट, फोटो – पत्रिका
Rajsamand Sher Singh Murder Case: राजस्थान के राजसमंद जिले में पिछले महीने हुए शेर सिंह हत्याकांड का पूरा खुलासा कर दिया गया है। जैसा कि पुलिस को आभास था इस हत्याकांड में मृतक की पत्नी प्रमोद कंवर, उसका प्रेमी राम सिंह अरेस्ट कर लिए गए हैं। इस हत्याकांड में दो अन्य आरोपी भी थे, उनको पकड़ने के बाद ही यह पूरा मामला खुल सका है। पूरी घटना बेहद ही चौंकाने वाली है। अवैध संबध और प्रेम प्रसंग का यह मामला करीब दस से बारह साल पुराना है।
दरअसल उदयपुर जिले के घासा थाना इलाके से यह पूरी कहानी शुरू होती है। थाना इलाके के एक गांव में रहने वाली प्रमोद कंवर का गांव में ही रहने वाले राम सिंह राणावत से प्रेम प्रसंग था। दोनों कक्षा बारह से एक दूसरे को चाहते थे। लेकिन इस बीच परिवार को पता चला गया और परिवार ने दोनों को अलग कर दिया। दोनों दूर के रिश्तेदार भी थे। कुछ दिन तो दोनों अलग रहे, लेकिन उसके बाद चुपके से फिर मिलना शुरू कर दिया।
12 साल पहले प्रमोद कंवर की शादी कर दी थी परिवार ने
प्रमोद कंवर और राम सिंह के बीच कनेक्शन ज्यादा बढ़ने लगा तो बदनामी के डर से प्रमोद कंवर के परिजनों ने उसकी शादी राजसमंद जिले के आमेट थाना इलाके में रहने वाले शेर सिंह से कर दी। दोनों की शादी 19 जुलाई 2013 को हो गई और शादी के कुछ दिन बाद शेर सिंह अपनी पत्नी को लेकर काम के सिलसिले में मद्रास चला गया और फिर काफी समय तक दोनों वहीं रहे। शेर सिंह बस में परिचालक का काम करता था।
बेटी हई तो गांव लौटी और फिर शुरू हो गई प्रेम कहानी
शादी के कुछ साल के बाद प्रमोद कंवर और शेर सिंह के बेटी को जन्म हुआ। बेटी की देखभाल के लिए शेर सिंह और प्रमोद कंवर वापस राजसमंद अपने गांव लौट आए। इसकी जानकारी राम सिंह को भी मिल गई तो वह भी परिवार के फिर से नजदीक आने लगा। चूकिं प्रमोद कंवर और राम सिंह आपस में दूर के रिश्तेदार थे और अब प्रमोद कंवर की शादी हो गई थी, इस कारण दोनों के मिलने पर किसी को शक नहीं हुआ।
शेर सिंह की मौजूदगी में ही घर आने लगा था रामसिंह, प्रमोद कंवर से वहीं मिलने लगा
इस बीच किसी न किसी बहाने से राम सिंह अपनी पूर्व प्रेमिका प्रमोद कंवर से मिलने के लिए उसके ससुराल में ही आने लग गया। वहां शेर सिंह से भी उसकी दोस्ती हो गई और फिर तो राम सिंह का आना-जाना जारी रहने लगा। साल 2021 में प्रमोद कंवर और शेर सिंह के एक और संतान हुई। इस बार बेटा जन्मा। लेकिन प्रमोद कंवर और राम सिंह के बीच प्रेम कहानी चलती रही।
शेर सिंह को शक होने लगा तो प्रमोद कंवर से बढ़ने लगा विवाद
उधर प्रेमी और पूर्व प्रेमिका आपस में संबंध बनाते रहे, मिलते रहे। लेकिन शेर सिंह को कानों कान खबर नहीं हुई। बताया जा रहा है कि कुछ महीनों पहले शेर सिंह को दोनों पर शक हुआ। प्रमोद कंवर को कीमत झगड़े के रूप में चुकानी पड़ी। परिवार का माहौल खराब रहने लगा। इस बीच प्रमोद कंवर और राम सिंह की नजदीकी और ज्यादा बढ़ने लग गई। दोनों बाहर मिलने लगे और धीरे-धीरे शेर सिंह को रास्ते से हटाने का प्लान बनने लगा।
शेर सिंह और प्रमोद कंवर में हुआ था खर्चे को लेकर झगड़ा
विवाद ज्यादा बढ़ने लगा तो प्रमोद कंवर भी मुखर हो गई। वह पति से कहने लगी कि तुम कमाते क्या हो, मेरे खर्चे आज भी राम सिंह उठाता है और मैं उसकी के साथ रहूंगी। इस पर 20 जून को प्रमोद कंवर के साथ शेर सिंह ने गंभीर मारपीट कर दी। बस यहीं से शेर सिंह को रास्ते से हटाने की तैयारी हो गई। प्रमोद कंवर ने प्रेमी राम सिंह को करीब चालीस हजार रुपए दिए। पूरा प्लान समझाया और दो 24 जून को योजना के अनुसार राम सिंह और दो अन्य ने मिलकर शेर सिंह की बाइक को टक्कर मारकर गिराया। उसके बाद धारदार हथियार से काट डाला और शव को सुनसान इलाके में फेंक दिया ताकि यह सड़क हादसा लगे।
दो लाख में दी सुपारी, पूरी प्लानिंग प्रमोद कंवर की ही थी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रमोद कंवर ही सब कुछ प्लान कर रही थी। जिस गाड़ी से शेर सिंह को टक्कर मारी गई थी वह किराये की थी। राम सिंह ने अपने साथ दो आदमी और लिए थे, दोनों को एक-एक लाख की सुपारी देने की बात थी। यह पैसा प्रमोद कंवर देने वाली थी। लेकिन अब पुलिस ने पूरे केस का खुलासा कर दिया है और अधिकतर आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है। इस हत्याकांड के बाद अब शेर सिंह और प्रमोद कंवर के दोनों बच्चे नहीं समझ पा रहे हैं कि पिता की मौत और मां को जेल होने के बाद वे किसके साथ रहने वाले हैं….? उनका भविष्य क्या होने वाला है….? उधर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस हत्याकांड में अभी और खुलासे संभव है।
Hindi News / Rajsamand / पति को मार दिया, अब हम एक हैं… बच्चों को अनाथ बनाने के लिए मां ने ही दी सुपारी, हिला देगी कत्ल की यह साजिश