scriptWeather News : हाड़ौती अंचल में तेज हवा के साथ जोरदार बारिश, सड़कों पर बहा पानी, गर्मी से राहत | Weather News: Heavy rain with strong winds in Hadoti region, water flowing on roads, relief from heat | Patrika News
कोटा

Weather News : हाड़ौती अंचल में तेज हवा के साथ जोरदार बारिश, सड़कों पर बहा पानी, गर्मी से राहत

कोटा का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

कोटाMay 11, 2025 / 07:43 pm

shailendra tiwari

kota Weather News

kota Weather News

हाड़ौती अंचल में रविवार को मौसम का मिजाज बदला नजर आया। दिनभर उमस और गर्मी के बीच दोपहर बाद हुई जोरदार बारिश से लोगों को राहत मिली, वहीं कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं और धूल भरी आंधी ने परेशानी बढ़ा दी।
कोटा शहर में दोपहर तक उमस भरी गर्मी बनी रही और लोग पसीने से तरबतर रहे। दोपहर बाद बादल छाए, लेकिन बारिश नहीं हुई, जिससे उमस और बढ़ गई। शाम चार बजे आसमान में घने बादल छा गए। पहले हल्की रिमझिम बारिश शुरू हुई, फिर बादलों की गड़गड़ाहट और तेज हवा के साथ जोरदार बारिश हुई। शाम छह बजे तक तेज बारिश का दौर जारी रहा, जिससे सड़कों पर पानी बह निकला। गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली और मौसम में ठंडक घुल गई।
मौसम विभाग ने शनिवार को बारिश को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया था। कोटा का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिले के आवां, सांगोद, चेचट, रावतभाटा सहित अन्य इलाकों में भी तेज बारिश हुई। आंधी के कारण कई स्थानों पर होर्डिंग और बैनर उड़ गए।
झालावाड़ जिले में तेज बारिश

झालावाड़ जिले में रविवार सुबह से ही मौसम में बदलाव नजर आने लगा था। दोपहर बाद बकानी, रटलाई, रायपुर सहित कई क्षेत्रों में जोरदार बारिश हुई, जिससे बाजारों और सड़कों पर पानी भर गया। झालावाड़ शहर में शाम को हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। जिले का अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहा।
केशवरायपाटन में रिमझिम, बूंदी में धूल भरी हवा

बूंदी जिले के केशवरायपाटन में रविवार को करीब आधे घंटे तक रिमझिम बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। शाम चार से पांच बजे के बीच दो चरणों में बारिश दर्ज की गई। बूंदी शहर में सुबह से ही बादल छाए रहे और शाम को तेज धूल भरी हवाएं चलीं, जिससे कुछ समय के लिए असुविधा हुई। जिले का अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहा।
बारां में शाम की बारिश से मौसम सुहावना

बारां जिले में सुबह धूप खिलने के बाद दोपहर में बादल छा गए। शाम को बारां, अंता, शाहाबाद, बड़गांव सहित कई क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाएं चलीं, जिससे मौसम सुहावना हो गया और वातावरण में ठंडक घुल गई। अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दो दिन और चलेगा बारिश का दौर

मौसम विभाग ने हाड़ौती अंचल में अगले दो दिन और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। 12 और 13 मई को भी तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में 14 मई से आंधी-बारिश की गतिविधियों में कमी आने के आसार हैं। आगामी दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में 15 मई को अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने और हीटवेव का नया दौर शुरू होने की संभावना है।

Hindi News / Kota / Weather News : हाड़ौती अंचल में तेज हवा के साथ जोरदार बारिश, सड़कों पर बहा पानी, गर्मी से राहत

ट्रेंडिंग वीडियो