पाकिस्तान पर पड़ रहा युद्ध का असर
इज़रायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध का असर ईरान के पड़ोसी देश पर भी पड़ रहा है। पढ़कर मन में सवाल आना स्वाभाविक है कि ईरान के किस पड़ोसी देश पर इस युद्ध का असर पड़ रहा है? हम बात कर रहे हैं पाकिस्तान (Pakistan) की।
पाकिस्तान पर कैसे पड़ रहा असर?
पाकिस्तान के बलूचिस्तान (Balochistan) प्रांत की बॉर्डर ईरान से लगती है। पाकिस्तान ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बलूचिस्तान की ईरान से लगने वाली बॉर्डर को बंद कर दिया है, लेकिन इससे उसे कोई राहत नहीं मिली। पाकिस्तान का बलूचिस्तान प्रांत इज़रायल-ईरान युद्ध के कारण फ्यूल (पेट्रोल-डीज़ल) के संकट से जूझ रहा है। बलूचिस्तान में ऐसे कई पेट्रोल पंप बंद हो गए हैं, जो पेट्रोल-डीज़ल की सप्लाई के ईरान पर निर्भर हैं। इतना ही नहीं, बलूचिस्तान के वो सभी जिले जो ईरान की बॉर्डर के करीब हैं, वहाँ खाने की भी कमी देखने को मिल रही है।
बढ़ सकता है संकट
इज़रायल और ईरान के बीच युद्ध अगर इसी तरह चलता रहा, तो बलूचिस्तान में पेट्रोल-डीज़ल और खाने का संकट और बढ़ सकता है। इतना ही नहीं, बलूचिस्तान में कई और चीज़ों की भी कमी हो सकती है, जिनके लिए वो ईरान पर निर्भर है।