करीब 3,000 लोगों ने ली भारत में शरण
म्यांमार के चिन प्रांत में दो गुटों के बीच चल रही जंग की वजह से म्यांमार के करीब 3,000 लोगों ने भारत में शरण ली है। इन लोगों ने जान बचाने के लिए बॉर्डर से लगे भारतीय राज्य मिजोरम (Mizoram) के चम्फाई (Champhai) जिले में शरण ली है।
शरणार्थियों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल
चम्फाई के एक पुलिस अधिकारी के अनुसार मिजोरम की सीमा से लगे म्यांमार के ख्वामावी और रिहखवदर गांवों के करीब 3,000 लोगों ने शनिवार सुबह से जोखावथर गांव में शरण ली और सोमवार तक भी कई लोग अपनी जान बचाने के लिए भारत आए। शरणार्थियों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। अधिकांश विस्थापित लोग जोखावथर में अपने रिश्तेदारों के पास पहुंच गए हैं। अन्य लोगाें को सामुदायिक हॉल में शरण दी गई है और उन्हें लोग भोजन और आवश्यक वस्तुएं मुहैया करा रहे हैं।
वापस नहीं जाना चाहते म्यांमार
मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा (Lalduhoma) के राजनीतिक सलाहकार लालमुआनपुइया पुंते ने जोखावथर का दौरा किया और दोनों गुटों के नेताओं से मिलने के लिए म्यांमार के चिन प्रांत भी गए। उन्होंने पुष्टि की कि ज़्यादातर शरणार्थियों ने जंग बढ़ने के डर से म्यांमार लौटने से इनकार कर दिया है।