कौन है उदयपुर की जादूगर सुहानी शाह? 7 साल की उम्र में किया पहला शो और बन गई दुनियाभर में ‘Famous Indian Female Magician’
Suhani Shah Udaipur: 1997 में अहमदाबाद में सिर्फ 7 साल की उम्र में अपना पहला लाइव शो किया। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। अब तक वो 5000 से ज्यादा लाइव शो कर चुकी हैं।
Who Is Suhani Shah: भारत की सबसे मशहूर महिला मेंटलिस्ट, जादूगर, यूट्यूबर और लेखिका सुहानी शाह ने बहुत ही छोटी उम्र में अपने सपनों को जीना शुरू कर दिया था। राजस्थान के उदयपुर में 29 जनवरी 1990 को जन्मी सुहानी एक मारवाड़ी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। जादू या मेंटलिज़्म से उनका कोई पारिवारिक या शैक्षणिक जुड़ाव नहीं था लेकिन उन्होंने अपने जुनून, आत्मविश्वास और मेहनत से खुद को साबित किया।
सुहानी ने 6 साल की उम्र में अपने माता-पिता से कह दिया था कि उन्हें जादूगर बनना है। फिर 1997 में अहमदाबाद में सिर्फ 7 साल की उम्र में अपना पहला लाइव शो किया। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। अब तक वो 5000 से ज्यादा लाइव शो कर चुकी हैं और देश-विदेश में हजारों लोगों को अपनी कला से हैरान कर चुकी हैं। हाल ही में उन्हें ‘सर्वश्रेष्ठ जादूगर’ का खिताब भी मिला है।
सिर्फ जादू नहीं, माइंड-रीडिंग की भी एक्सपर्ट
सुहानी सिर्फ जादू नहीं करतीं बल्कि मेंटलिस्ट भी हैं। यानी वो सामने वाले के हावभाव और सोच को पढ़ सकती हैं। यही वजह है कि लोग उन्हें और भी ज्यादा पसंद करते हैं। उन्होंने सलमान खान, करीना कपूर, जाकिर खान, साइना नेहवाल और संदीप माहेश्वरी जैसे लोगों के साथ भी स्टेज शेयर किया है।
सुहानी शाह (फोटो: पत्रिका)
5 किताबें भी कर चुकी पब्लिश
सुहानी शाह अब तक 5 किताबें लिख चुकी हैं, जिनमें से एक है “Unleash Your Inner Power”। उनके यूट्यूब चैनल पर 3 मिलियन से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं और उनके वीडियो पर लाखों में व्यूज़ आते हैं।
गोवा में सुहानी माइंड केयर
सुहानी ने ‘सुहानी माइंड केयर’ नाम से गोवा में एक संस्था भी चलाई, जहां वह लोगों को तनाव, लत और मानसिक समस्याओं से उबरने में मदद करती थीं।
Hindi News / Udaipur / कौन है उदयपुर की जादूगर सुहानी शाह? 7 साल की उम्र में किया पहला शो और बन गई दुनियाभर में ‘Famous Indian Female Magician’