सवाईमाधोपुर/मलारना डूंगर। बारिश के दौरान सवाईमाधोपुर जिले के मायापुर डूंगरी गांव में दीवार गिरने के बाद पड़ोसी का पक्का मकान भी ढह गया। मलबे में दबने से मां सहित दो बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद सभी घायलों को कस्बे के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को रात तीन बजे छुट्टी दे दी गई।
मायापुर निवासी ओमप्रकाश महावर ने बताया कि गुरुवार रात झमाझम बारिश हुई। इस दौरान पत्नी शोमेती (35), बेटा ओमप्रकाश (14) व विकास (10) अपने घर में सो रहे थे। अन्य परिजन पक्के मकान के बाहर छप्पर में थे। तभी रात 11.30 बजे पड़ोसी की 10 फिट ऊंची दीवार भरभरा कर उनके मकान पर गिर गई। जिससे उनका मकान ढह गया और पत्नी व दो बेटे मलबे में दब गए।
मदद को दौड़ पड़े लोग
मकान गिरने की आवाज सुनकर घरवाले जाग गए। मबले में दबे लोगों की चीख पुकार सुनकर पड़ोसी भी मदद को दौड़ आए। काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबी पत्नी व बेटों को बाहर निकाला गया।
मलबे में दबने से सभी के सिर सहित कई जगह चोट आई है। ओमप्रकाश मजदूरी करता है। उसने एक-एक पैसा जोड़ कर पक्का मकान बनाया था। अभी छत ही डली थी।