मेहंदी लगाकर बैठी रही दुल्हन, न बारात आई न दूल्हा…
mp news: लगुन लेकर शादी से एक दिन पहले दुल्हन के परिजन पहुंचे थे दूल्हे के घर, कम रूपये देख भड़का दूल्हा, दुल्हन के भाई के साथ मारपीट कर किया शादी से इंकार…।
mp news: मध्यप्रदेश में एक बार फिर दहेज लोभियों के कारण एक बेटी की शादी रूक गई। मामला सागर का है जहां लगुन में कम रकम आने पर दूल्हा व उसका परिवार नाराज हो गया और न केवल शादी करने से मना किया बल्कि दुल्हन के भाई के साथ भी बेरहमी से मारपीट कर दी। शादी से महज एक दिन पहले हुई इस घटना के बाद दूल्हा बारात लेकर नहीं आया और दुल्हन हाथों में मेहंदी लगाकर इंतजार करती रही। दुल्हन ने परिवार के साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर की शिकायत।
सागर के मकरोनिया इलाके की रहने वाली युवती की शादी मोतीनगर थाना इलाके के राज अहिरवार के साथ तय हुई थी। 1 मई को तिलक का कार्यक्रम था लेकिन लड़का पक्ष ने तिलक का कार्यक्रम शादी से ठीक एक दिन पहले 8 मई को करने के लिए कहा। तय तारीख पर लड़की पक्ष के लोग लगुन लेकर दूल्हे के घर पहुंचे। लगुन में एक मोटरसाइकिल व 12 हजार रूपयों के साथ लड़का पक्ष के लिए कपड़े वगैरह थे। जैसे ही दूल्हे राजा ने लगुन में 12 हजार रूपये देखे वो भड़क गया और दुल्हन के भाई से विवाद कर मारपीट कर दी।
मारपीट करते हुए दूल्हे व उसके परिवार वालों ने शादी करने से इंकार कर दिया। लड़की के परिवार वालों ने उन्हें समझाने की काफी कोशिश की लेकिन वो नहीं माना। आरोप है कि दूल्हे ने लड़की के भाई पर तलवार से हमला किया, लड़की पक्ष के लोगों को डंडों से पीटा। जब लड़की पक्ष ने लगुन का सामान वापस मांगा तो नहीं दिया। शादी टूटने पर दुल्हन अपनी फरियाद लेकर पुलिस थाने पहुंची लेकिन उसका आरोप है कि थाने में उसकी सुनवाई नहीं हुई। जिसके कारण वो परिवार के साथ एसपी दफ्तर पहुंचे। एएसपी संजीव उइके का कहना है मामले के जांच के आदेश सिटी सीएसपी को दिए गए हैं, जांच के बाद कार्रवाई होगी।