scriptसुबह 11 बजे से लू के थपेड़ों ने झुलसाया, मरकर पेड़ से गिरने लगीं चमगादड़ें | From 11 am onwards, the heat scorched the trees, bats started dying and falling from the trees | Patrika News
सागर

सुबह 11 बजे से लू के थपेड़ों ने झुलसाया, मरकर पेड़ से गिरने लगीं चमगादड़ें

। लगातार दूसरे दिन तापमान 45 डिग्री पर पहुंचने से सडक़ों पर सन्नाटा पसरा रहा। शहर में करीब 6 घंटे तक अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री से अधिक रहा।

सागरJun 11, 2025 / 05:12 pm

Rizwan ansari

sagar

sagar

दो दिनों से शहर में गर्मी चरम पर है। लोगों को घर से बाहर निकलने में परेशानी हो रही है। स्थिति ये है कि सुबह 11 बजे से ही लू चलने लगी। भीषण गर्मी से चमगादड़ों की मौत होने लगी है, मंगलवार को डफरिन में 25 छोटी बड़ी चमगादड़ों की मौत हो गई। गर्मी के तेवर देखकर अब शहरवासियों को मानसून का इंतजार है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार अभी दो दिन तक गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। 12 जून के बाद गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान सामान्य 4 डिग्री अधिक 45.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2 डिग्री अधिक 28.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। लगातार दूसरे दिन तापमान 45 डिग्री पर पहुंचने से सडक़ों पर सन्नाटा पसरा रहा। शहर में करीब 6 घंटे तक अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री से अधिक रहा।
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है। इस कारण अरब सागर और बंगाल की खाडी़ से नमी नहीं आ रही है। राजस्थान की गर्म हवा 20 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चल रही है। इस हवा की वजह से आसमान साफ हो गया है। दोपहर में हीटवेव चलने से गर्मी बढ़ गई। छह घंटे तक तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। सूर्य अस्त के बाद भी गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों को परेशान कर दिया।

14 जून को उत्तरी बंगाल की खाड़ी में होगी गतिविधि

मौसम विभाग के अनुसार 14 जून को उत्तरी बंगाल की खाडी़ में चक्रवाती परिसंचरण के रूप में बनने की संभावना है। यह प्रणाली ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के रास्ते आगे बढ़ेगी। इसके चलते मानसून बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में आगे बढ़ेगा और भारी बारिश की पट्टी पश्चिम की ओर खिसकेगी, जिससे मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में अच्छी बारिश होगी। 14 के बाद झमाझम बारिश की संभावना है।

दिनभर से ऐसी रही पारे की चाल

सुबह 5.30 – 30.0
सुबह 8.30 – 33.2
सुबह 11.30 – 41.8
दोपहर 2.30 – 44.4
शाम 5.30 – 42.6
(नोट-तापमान डिग्री सेल्सियस में है)

Hindi News / Sagar / सुबह 11 बजे से लू के थपेड़ों ने झुलसाया, मरकर पेड़ से गिरने लगीं चमगादड़ें

ट्रेंडिंग वीडियो