गोंडा के मोतीगंज थाना क्षेत्र स्थित सीहागांव के रहने वाले रामकरन गुप्ता अपने परिवार और परिचितों के साथ बोलेरो से अयोध्या स्थित पृथ्वीनाथ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। रविवार सुबह जब उनका वाहन रेहरा गांव के पास सरयू नहर पुल से गुजर रहा था। तभी बोलेरो अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। वाहन में कुल 16 लोग सवार थे। जबकि उसकी क्षमता सिर्फ 7 से 9 लोगों की ही थी।
एक ही परिवार के मृतकों की संख्या पहुंची 10
हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन में 11 लोगों के शव रविवार को ही बरामद कर लिए गए थे। जिनमें एक ही परिवार के नौ सदस्य शामिल थे। सोमवार को लापता चल रही किशोरी रचना कसौंधन का शव भी बनकसिया शिवरतन सिंह गांव के पास सरयू नहर से बरामद हुआ। वह भी उसी परिवार से संबंधित थी। इस तरह अब मरने वालों में एक ही परिवार के दस लोग हो गए हैं। हादसे में चार लोग सुरक्षित निकल आए थे।
घटनास्थल से करीब 32 किलोमीटर दूर मिला शव
रचना का शव घटना स्थल से करीब 32 किलोमीटर दूर, 25 घंटे बाद मिला। राहत और बचाव कार्य में एसडीआरएफ की टीम लगातार लगी रही। हादसे के बाद से सीहागांव गांव में मातम का माहौल है। रविवार को गांव के कई घरों में चूल्हे नहीं जले। मृतकों का अंतिम संस्कार राजापुर परसौरा व अयोध्या के सरयू घाट पर किया गया। एक साथ 11 अर्थियों को जाते देख गांव में गमगीन सन्नाटा फैल गया। इस हृदयविदारक घटना ने प्रशासन और लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस व प्रशासन की टीमें मौके पर तैनात हैं। और पूरे मामले की जांच की जा रही है।