scriptअमरवाड़ा अस्पताल में डॉक्टरों के पद खाली, नर्सिंग स्टाफ के भरोसे उपचार | Patrika News
छिंदवाड़ा

अमरवाड़ा अस्पताल में डॉक्टरों के पद खाली, नर्सिंग स्टाफ के भरोसे उपचार

100 बेड का है सिविल अस्पताल पर नहीं है महिला डॉक्टर, अन्य सुविधाओं को भी मोहताज हो रहा अस्पताल

छिंदवाड़ाApr 26, 2025 / 11:58 am

Jitendra Singh Rajput

amarwara asptaal

amarwara asptaal

छिंदवाड़ा. जिले की अमरवाडा विधानसभा मुख्यालय में सिविल अस्पताल तो है लेकिन उसकी सुविधाएं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से भी ज्यादा बिगड़ी हुई है। अस्पताल में डॉक्टरों के पद 12 स्वीकृत है लेकिन उसमें से 11 पद खाली पड़े हुए है, जिसके बाद यहां वहां से डॉक्टर बुलाकर प्रतिदिन व्यवस्थाएं बनाई जाती है। 100 बेड के सिविल अस्पताल में पिछले दो वर्षों से महिला डॉक्टर नहीं है जिसके कारण डिलेवरी की व्यवस्था प्रभावित हो रही है, कभी कभार अन्य स्थानों से डॉक्टरों को बुलाकर व्यवस्थाएं बनाने का प्रयास किया जाता है। जो पद स्वीकृत है वह अपने कार्य के साथ ही अन्य कार्य करते नजर आते है। डॉक्टरों की कमी के कारण लोग इस सिविल अस्पताल में जाने से बचते है तथा प्राइवेट अस्पताल या फिर जिला अस्पताल ही उपचार कराने पहुंचते है। वर्तमान में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों को सिविल अस्पताल उपचार के लिए बुलाया जाता है जिससे व्यवस्थाएं बनाई जाती है।

दो वर्षों से नहीं है महिला डॉक्टर


इस 100 बिस्तर के सिविल अस्पताल में पिछले दो वर्ष से एक भी महिला डॉक्टर की स्थाई पदस्थापना नहीं की गई है, जिसके कारण महिला मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानियां होती है। अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन नहीं होने से वहां आने वाली महिलाओं को प्राइवेट व जिला अस्पताल सोनोग्राफी करने के लिए भेज दिया जाता है। वर्तमान में डिलेवरी के लिए जिला अस्पताल व प्राइवेट अस्पताल सहारा बना हुआ है। पुलिस के प्रकरणों में पीडि़त स्वास्थ्य जांच के लिए पैसे खर्च कर अपनी मेडिकल जांच कराते है।

अन्य स्थानों के डॉक्टरों को बुलाना मजबूरी


सिविल अस्पताल में डॉक्टरों की कमी बनी हुई है जिसके कारण आसपास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ डॉक्टरों को सिविल अस्पताल बुलाया जाता है। वर्तमान में अमरवाड़ा के आसपास पौनार, सोनपुर, सिंगोड़ी, धनोरा, बटकाखापा, सहित सैकड़ों गांव के लोग उपचार कराने इस सिविल अस्पताल पहुंचते है।

कोविड के समय बनाया ऑक्सीजन प्लांट, बंद


कोविड काल में इस सिविल अस्पताल में लगभग 55 लाख रुपए की लागत से ऑक्सीजन प्लांट लगवाया गया था, जहां से ऑक्सीजन पाइप लाइन से वार्डों तक पहुंचाई जा रही थी। लेकिन उसके बाद भी प्लांट अब तक बंद पड़ा हुआ है बताया जा रहा है कि ठेकेदार का भुगतान बाकी होने के कारण यह स्थिति बनी है। इसके साथ ही सिविल अस्पताल में लगाई गई लिफ्ट भी बंद हो गई है।

सिविल अस्पताल में डॉक्टरों के पदो की स्थिति


पद स्वीकृत रिक्त
स्त्रीरोग विशेषज्ञ 01 01
स्पेशलिस्ट सर्जरी 01 01
मेडिकल स्पेशलिस्ट 01 01
चाईल्ड स्पेशलिस्ट 01 01
ऐनेस्थिस्यिा स्पेशलिस्ट 01 01
डेंटल सर्जन 01 00
मेडिकल ऑफिसर 05 05
आयुष मेडिकल ऑफिसर 01 01
कुल 12 11

सिविल अस्पताल में अन्य पदों की स्थिति


पद स्वीकृत रिक्त
मेटरन 01 01
स्टाफ नर्स 19 10
फार्मासिस्ट 01 01
ईसीजी टेक्नीशियन 01 01
लेबोरेट्री अटेंडेंट 02 02
वार्ड बाय 05 04
ओटी अटेेंडेंट 02 02
ड्रेसर 02 02
कम्प्यूटर ऑपरेटर 04 04
ड्राइवर 01 01


इनका कहना है।


जितने डॉक्टर सिविल अस्पताल में रहने चाहिए उसकी कमी बनी हुई है। विभाग को कमी दूर करने के लिए पत्राचार भी किया गया है। वर्तमान मे स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की आवश्कता बनी हुई है। कमी के बाद भी यह प्रयास किया जाता है कि लोगों को बेहतर से बेहतर उपचार मिले।


करूष ठाकुर, बीएमओ, सिविल अस्पताल, अमरवाड़ा।

Hindi News / Chhindwara / अमरवाड़ा अस्पताल में डॉक्टरों के पद खाली, नर्सिंग स्टाफ के भरोसे उपचार

ट्रेंडिंग वीडियो