scriptछतों पर पतंग, रसोई में खीचड़ा और दिलों में बीकानेर | Kites on the roofs, Khichda in the kitchen and Bikaner in the hearts | Patrika News
बीकानेर

छतों पर पतंग, रसोई में खीचड़ा और दिलों में बीकानेर

बीकानेर का स्थापना दिवस मंगलवार को मनाया जाएगा। स्थापना दिवस पर शहर में दो दिनों तक पतंगबाजी होगी। चंदा उडेंगे। पूरे शहर में बोई काट्या के स्वर गूजेंगे। स्थापना दिवस पर घर-घर में परंपरा अनुसार खीचड़ा-इमलाणी भोजन के रूप में ग्रहण किए जाएंगे। परंपरानुसार परिंडे में नई पानी की मटकी, ढक्कणी, सर्वा, हांडी और लोटड़ी का पूजन होगा। घर परिवार की महिलाएं आखाबीज के दिन मध्याह्न के समय पारंपरिक वस्त्र-आभूषणों से सज धज कर मटकी का पूजन कर घर-परिवार की सुख समृद्धि की कामनाएं करेंगी।

बीकानेरApr 28, 2025 / 11:22 pm

Vimal

बीकानेर.

रेगिस्तान की रेत पर रची गई संस्कृति की यह वह कहानी है, जो हर साल चंदा की डोर से जुडक़र आसमान छूती है। बीकानेर मंगलवार को अपना 538वां स्थापना दिवस पारंपरिक हर्षोल्लास और उल्लास के साथ मनाने जा रहा है। इस अवसर पर पतंगबाजी, चंदा पूजन, खीचड़ा-इमलाणी और पारंपरिक वेशभूषा में सजे घर-आंगन, बीकानेर को फिर उसकी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ेंगे।
पतंगों से सजेगा आसमान, गूंजेगा ’बोई काट्या’

स्थापना दिवस पर नगर का आसमान रंग-बिरंगी पतंगों से आच्छादित रहेगा। हर घर की छत पर पतंगें उड़ेंगी और माइक पर गूंजेंगे स्वरों में बंधे परंपरागत जुमले-‘बोई काट्या है’। पतंगबाजी का यह दौर आखाबीज और आखातीज तक चलेगा। गर्मी को मात देने के लिए छतों पर टेंट, छाया, माइक और डीजे की व्यवस्था की गई है।
रसोई से निकलेगी परंपरा की खुशबू

हर घर की रसोई में परोसा जाएगा खीचड़ा और इमलाणी। इसके साथ चलेगा शीतल पेयों और व्यंजनों का दौर दही-लस्सी, बेल शर्बत, इमली ज्यूस, कचोड़ी, समोसे, दही बड़े, भुजिया और मिठाइयों की खुशबू वातावरण को और रसमय बनाएगी।
घर-घर पूजन, मटकी स्थापना

दोपहर में नई पानी की मटकी डाली जाएगी और मटकी, ढक्कणी, लोटड़ी, हांडी व सर्वा का पूजन किया जाएगा। महिलाएं पारंपरिक वस्त्र और आभूषणों से श्रृंगारित होकर पूजन में भाग लेंगी। यह अनुष्ठान नगर की समृद्धि और वर्षभर की शांति का प्रतीक माना जाता है।
चंदा में उकेरी जाएगी भावनाएं

स्थापना दिवस की परंपरा अनुसार तैयार किया गया ‘चंदा’ भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। इस पर चित्रों, दोहों और लोक श्लोकों के माध्यम से बीकानेर की संस्कृति को दर्शाया जाएगा। चंदा का पूजन कर उसे जूनागढ़ प्रांगण और घरों की छतों से उड़ाया जाएगा।
सांस्कृतिक गौरव का पर्व

नगर स्थापना दिवस केवल पर्व नहीं, बीकानेर की संस्कृति, भावनाओं और लोकआस्था का उत्सव है। यह वह दिन है, जब बीकानेर के लोग अपने अतीत को स्मरण कर वर्तमान को रंगों से भरते हैं। जहां पतंगें उम्मीदें उड़ाती हैं और खीचड़े की खुशबू परंपरा को ङ्क्षजदा रखती है।

Hindi News / Bikaner / छतों पर पतंग, रसोई में खीचड़ा और दिलों में बीकानेर

ट्रेंडिंग वीडियो