प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाहिता की शादी 28 नवंबर 2013 को आजमगढ़ के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में हुई थी। दंपती के तीन बच्चे भी हैं। 15 जनवरी 2025 को पति बिहार में नौकरी करने के लिए गया था। इसी दौरान पत्नी के एक युवक से प्रेम संबंध बन गए, जो अक्सर उसके घर आने-जाने लगा। रिश्ते में नज़दीकी बढ़ने पर विवाहिता ने 20 जुलाई को प्रेमी के साथ कोर्ट मैरिज कर ली।
जब पति को इस संबंध में जानकारी मिली तो वह तत्काल घर लौट आया। पत्नी को प्रेमी के साथ देखकर वह आगबबूला हो गया और पूरे मामले को लेकर ससुराल पक्ष और गांव के संभ्रांत लोगों को बुलाकर पंचायत बुलाई। पंचायत में ससुराल पक्ष ने बेटी को फटकार लगाई और पति ने पत्नी का त्याग करने की घोषणा की।
पंचायत के निर्णय के अनुसार विवाहिता को प्रेमी के साथ उसके सामान सहित भेज दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। खुटहन थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। पति ने स्पष्ट किया है कि यदि पत्नी अब प्रेमी के साथ रहना चाहती है, तो वह उसे त्यागने को तैयार है। पुलिस का कहना है कि कानूनी प्रक्रिया की जानकारी दोनों पक्षों को दे दी गई है।