पाकिस्तान ने की ट्रंप को नोबेल पुरस्कार देने की मांग
पाकिस्तानी सरकार ने सोशल मीडिया पर ट्रंप को नोबेल पुरस्कार देने की मांग की है। पाकिस्तानी सरकार ने ट्रंप को भारत और पाकिस्तान के बीच शांति कराने का क्रेडिट देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति को 2026 के शांति का नोबेल पुरस्कार देने की मांग की है। ट्रंप ने पाकिस्तानी आर्मी चीफ असीम मुनीर को इसी वजह से व्हाइट हाउस में मीटिंग और लंच का न्यौता दिया था क्योंकि मुनीर ने भी ट्रंप को शांति का नोबेल पुरस्कार देने की मांग की थी।
पाकिस्तान की ‘नापाक’ चाल!
पाकिस्तान की तरफ से भले ही भारत से उसके युद्ध को रुकवाने के विषय पर ट्रंप को शांति का नोबेल पुरस्कार देने की मांग की जा रही है, लेकिन इसके पीछे उसकी मंशा कुछ और ही लगती है। पाकिस्तान को भी पता है कि भारत से युद्ध रुकवाने में ट्रंप की कोई भूमिका नहीं थी। इसके बावजूद भी पाकिस्तान लगातार ट्रंप को इसके लिए क्रेडिट दे रहा है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि पाकिस्तान नोबेल पुरस्कार के बहाने ‘नापाक’ चाल चलते हुए कश्मीर मुद्दे पर ट्रंप का समर्थन चाहता है।
आर्थिक और तकनीकी मदद भी चाहता है पाकिस्तान
ट्रंप को नोबेल पुरस्कार की मांग के बहाने पाकिस्तान, अमेरिका से आर्थिक और तकनीकी मदद भी चाहता है। पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था की कमर टूटी हुई है। ऐसे में अगर उसे अमेरिका से आर्थिक सहायता मिलती है, तो उसकी कंगाल स्थिति में कुछ सुधार हो सकता है।