सुखेर थाना पुलिस ने बताया कि महाराष्ट्र के रायगढ़ में कर्जत पुलिस थाने से रिपोर्ट मिली। पीड़िता ने लिखा कि वह उदयपुर के आदिवासी अंचल की है, वर्तमान में महाराष्ट्र में रह रही है। 2022 में नाबालिग थी, तब प्रेमी के साथ भागकर शादी की। पुलिस ने दस्तयाब कर नारी निकेतन स्थित बालिका गृह पहुंचाया। पिछले माह बालिग हुई तो छोड़ दिया गया। इसके बाद से एक माह से महाराष्ट्र में पति के साथ रह रही है।
पीड़िता ने डॉक्टर पर लगाया आरोप
पीड़िता ने नारी निकेतन/बालिका गृह के चिकित्सक डॉ. अरविंद पर बलात्कार का आरोप लगाया। जानकारी के बावजूद मदद नहीं करने का आरोप बालिका गृह/नारी निकेतन की पुष्पा, किरण और सीडब्ल्यूसी की यशोदा पर लगाया। लिखा कि वह डॉ. अरविंद के बलात्कार करने पर गर्भवती हुई। ऐसे में किरण ने गर्भपात करवाया। पीड़िता ने रिपोर्ट में लिखा कि अन्य लड़कियों के साथ भी ज्यादती हुई, लेकिन डर के मारे नहीं बता रही।
महाराष्ट्र से आई जीरो एफआइआर पर रिपोर्ट दर्ज
महाराष्ट्र पुलिस की ओर से भेजी एफआइआर की भाषा मराठी में है। सुखेर थाना पुलिस ने जीरो नंबर एफआइआर दर्ज की। उदयपुर एसपी योगेश गोयल ने जांच एएसपी रामेश्वरलाल को सौंपी है। नारी निकेतन-बालिका गृह के अधिकारियों ने ऐसी घटना से इनकार किया।