घायल महिला को जिला मुख्यालय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पीड़ित परिवार ने बताया कि महिला अनिता पत्नी रमेश गांव के पास खेत पर दोपहर एक बजे अमरूदों के पौधों की गुड़ाई कर रही थी। इस दौरान उसकी बेटी शिमला भी वहां थी। बेटी पास स्थित घर पर चली गई और महिला को खेत पर अकेला देख अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। महिला के दोनों कानों से झुमकेदार कुंडल लूट लिए, जिससे उसके कान कट गए।
घटना के बाद मौके से भागे लुटेरे
बदमाशों ने महिला के गले पर हमलाकर सोने का लॉकेट लूटने का प्रयास किया, लेकिन यह घटनास्थल पर ही रह गया। घटना के बाद लुटेरे वहां से भाग गए। घायल महिला का पति रमेश खेत से थोड़ी दूर रिश्तेदार के मकान पर था।
महिला हुई बेहोश
महिला घायल अवस्था में लहूलुहान जैसे तैसे वहां पहुंची और बेहोश हो गई। सूचना पर सूरवाल थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पूरी घटना की जानकारी ली। पीड़ित परिवार घायल महिला को सामान्य चिकित्सालय ले गए। वहां से जयपुर की कहने पर निजी अस्पताल ले गए। यहां घायल महिला का उपचार चल रहा है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
दूसरी ओर पीड़ित परिवार की ओर से भतीजे देशराज ने थाने में रिपोर्ट दी है। थानाधिकारी जयप्रकाश ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में उच्च अधिकारियों के निर्देशन में जांच की जा रही है।