यह सनसनीखेज मामला कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के भीकमपुर गांव का है, जहां बुधवार को नाले और सीसी टाइल्स निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान चकरोड़ को लेकर पहले से चला आ रहा विवाद दोबारा उभर गया। बताया जा रहा है कि मंगलवार को इसी विवाद को सुलझाने के लिए खुद एसडीएम निधि पटेल राजस्व टीम के साथ गांव पहुंची थीं और दोनों पक्षों में समझौता करवाया गया था।
विवाद के बाद हुई फायरिंग
लेकिन बुधवार सुबह एक पक्ष के सुभाष यादव ने दोबारा काम रुकवाने की कोशिश की। इस पर विवाद इतना बढ़ गया कि सुभाष यादव अपने बेटों अमित और अजय के साथ लाइसेंसी बंदूक और रायफल लेकर मौके पर पहुंचा और 55 वर्षीय किसान साहिब सिंह पर फायरिंग कर दी।
किसान की मौत, परिजनों की हालत गंभीर
गोली लगने से साहिब सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उन्हें बचाने पहुंचे उनका बेटा, दो भतीजे और पिता भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब गांव से जंगल की ओर जाने वाले रास्ते पर निर्माण कार्य चल रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।