scriptCrime: डीडी नगर सूटकेस मर्डर मिस्ट्री : करोड़ों की संपत्ति, सेवा की आड़ में हड़पने की थी साजिश | DD Nagar Suitcase Murder Mystery: There was a conspiracy to grab property worth crores in the name of service | Patrika News
रायपुर

Crime: डीडी नगर सूटकेस मर्डर मिस्ट्री : करोड़ों की संपत्ति, सेवा की आड़ में हड़पने की थी साजिश

रायपुर के डीडी नगर इलाके में सूटकेस मर्डर कांड एक गहरी साजिश का नतीजा है। इसमें मर्डर के मुख्य आरोपी रिटायर्ड एएसआई का बेटा अंकित उपाध्याय, उसकी पत्नी शिवानी शर्मा, विनय यदु और सूर्यकांत यदु के अलावा अन्य लोग भी शामिल हैं।

रायपुरJun 25, 2025 / 11:58 pm

Rabindra Rai

Crime: डीडी नगर सूटकेस मर्डर मिस्ट्री : करोड़ों की संपत्ति, सेवा की आड़ में हड़पने की थी साजिश

Crime: डीडी नगर सूटकेस मर्डर मिस्ट्री : करोड़ों की संपत्ति, सेवा की आड़ में हड़पने की थी साजिश

रिटायर्ड एएसआई के बेटे और बहू ने प्लानिंग से की किशोर पैंकरा की हत्या

साजिश की शुरुआत 2018 से हो गई, जब आरोपी कथित वकील अंकित की वर्ष 2018 में हांडीपारा निवासी किशोर पैंकरा से मुलाकात हुई। 58 वर्षीय किशोर के आजादचौक स्थित उसके मकान पर खरोरा के ग्राम बेलटुकरी निवासी चंद्रप्रकाश व अन्य लोगों ने फर्जी दस्तावेज बनाकर कब्जा कर लिया। उस समय अंकित अपने आप को वकील बताकर किशोर से मिला। उसने आश्वासन दिया कि वह हाईकोर्ट से उस मकान पर उसे कब्जा दिलाएगा। यह कहकर उसके सीनियर वकील से केस छुड़वा दिया। केस के नाम पर उनसे बीच-बीच में मोटी रकम लेता रहा। इसके बाद उनके अन्य मकानों को भी बेचना शुरू कर दिया। मकान बेचने से मिले पैसों को अपने पास रख लिया। इसी बात के चलते अंकित और उसकी पत्नी शिवानी ने साजिश करके इंद्रप्रस्थ के फ्लैट में किशोर की हत्या कर दी। इसके बाद शव को सूटकेस में भरकर टिन की पेटी में ले जाकर सुनसान जगह पर फेंक दिया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। आरोपी अंकित के पिता आजादचौक पुलिस सबडिवीजन में लंबे समय से पदस्थ थे। एएसआई बनकर पिछले साल रिटायर्ड हुए हैं।

हांडीपारा निवासी की 65 एकड़ जमीन की थी जानकारी

हांडीपारा निवासी किशोर की रायपुर और अन्य स्थानों पर करोड़ों की जमीन थी। अंकित को पता चला कि तिल्दा-नेवरा-धरसींवा के बीच उसकी 65 एकड़ पुश्तैनी जमीन है। हालांकि मौके पर करीब 35 एकड़ जमीन थी। यह जमीन सर्वाकार है। इसे केवल दानपत्र से लिया जा सकता था। अंकित ने जमीन-जायदाद के मामलों को निपटाने का आश्वासन देकर किशोर को अपने जाल में फांस लिया।

पहली पत्नी चली गई छोड़कर, मां की संदिग्ध हालात में मौत

इस बीच पहली पत्नी अपने बच्चों के साथ किशोर को छोड़कर चली गई। किशोर अपनी मां के साथ रहता था। 2022 में उनकी मां शांति बाई पैंकरा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इसके बाद किशोर ने अहिवारा की एक महिला को दूसरी पत्नी के रूप में रख लिया। महिला कुछ दिन किशोर के साथ रही। इसके बाद अंकित ने उसे भी बरगला का भगा दिया। उसके आने-जाने पर रोक लगा दी। कुछ दिनों बाद महिला का आना-जाना बंद हो गया। अब किशोर अकेला ही रहने लगा।

संदिग्ध एक्सीडेंट, दोनों पैर बेकार

जून 2024 में महादेवघाट में पंडित प्रदीप मिश्रा का शिवमहापुराण कथा का आयोजन हुआ। इसमें किशोर भी गया। कथा सुनकर साइकिल से लौट रहा था। उस दौरान अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इससे उसके दोनों पैर बेकार हो गए। वह ज्यादा चल-फिर नहीं सकता था। वह अपने घर में ही पड़ा रहता था। मोहल्ले वालों के मुताबिक अंकित अक्सर किशोर के घर आता था। सुबह-शाम खाना छोड़ता था। इसके बाद बाहर से ताला लगाकर चला जाता था। किशोर पूरी तरह से अंकित पर आश्रित था। किशोर की मां की मौत को लेकर भी कई तरह के संदेह हैं।

जमीन बेची, पैसे रख लिए

मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी डॉक्टर लाल उमेद सिंह ने बताया कि अंकित ने मृतक किशोर पैंकरा के बजरंग नगर के मकान को 30 लाख रुपए में बेच दिया। उस राशि को अंकित ने रख लिया। किशोर बार-बार अपने पैसे मांगता था। इस पर किशोर झांसा देता था कि मैं तुम्हारा देखभाल करूंगा और रोज खाना खिलाऊंगा। कुछ दिन शांत रहने के बाद किशोर फिर अपने पैसों की मांग करता था। रोज पैसों की मांग करने के बाद अंकित ने अपनी पत्नी शिवानी शर्मा के साथ मिलकर किशोर की हत्या की प्लानिंग की।

ऐसी थी हत्या की योजना

योजना के तहत आरोपी अंकित उपाध्याय ने पहले स्वयं डिजाइन कर अपना फर्जी आधार कार्ड बनाया। इसमें अपना पता कोरबा बताया। इस आधार कार्ड के जरिए उसने धमतरी के बलियारा ग्राम निवासी एक व्यक्ति से पुरानी अल्टो कार सीजी 04 बी 7744 को 60 हजार में खरीदी। इसके बाद इंदप्रस्थ कालोनी में 19 जून 2025 को डी/321 फ्लैट किराए पर लिया। फिर 21 जून को अंकित अपने घर सत्यम विहार रायपुरा से अल्टो कार से किशोर के घर हांडीपारा गया। उसने किशोर को बताया कि उनके घर की सफाई करनी है, तब तक मेरे इंद्रप्रस्थ के मकान में रहना। यह कहकर अपने साथ फ्लैट में ले गया। उसकी पत्नी शिवानी अपनी दोपहिया से फ्लैट पहुंची। सुबह करीब 10 बजे नाश्ता करने के बाद किशोर आराम करने लगा। किशोर जैसे ही सोने लगा, वैसे ही अंकित उसकी छाती में बैठकर उसका गला दबा दिया। उसकी पत्नि ने किशोर का पैर पकड़ लिया। किशोर बेसुध हो गया तो अंकित ने चाकू से किशोर के गले में वार किया। इससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को रूम में छोडकर दोनों अपने घर सत्यम विहार चले गए। शाम को दोनों फिर फ्लैट में पहुंचे। शव से निकले खून को टॉवेल से साफ किया।

Hindi News / Raipur / Crime: डीडी नगर सूटकेस मर्डर मिस्ट्री : करोड़ों की संपत्ति, सेवा की आड़ में हड़पने की थी साजिश

ट्रेंडिंग वीडियो