Lalbaugcha Raja 2025: लालबागचा राजा के दर्शन के लिए कैसे पहुंचें? जानें तारीख, समय और ऑनलाइन दर्शन की पूरी जानकारी
Lalbaugcha Raja 2025 Darshan : मुंबई के सबसे लोकप्रिय और श्रद्धेय गणपति ‘लालबागचा राजा’ का इस साल स्वरूप बहुत मनमोहक और दिव्य नजर है। बप्पा की पहली झलक रविवार को दिखाई गई। यह लालबागचा राजा का 92वां वर्ष है। इस वर्ष पंडाल को भगवान तिरुपति बालाजी की थीम पर सजाया गया है।
गणेशोत्सव 2025 (Ganesh Chaturthi 2025) का आगाज बुधवार 27 अगस्त से हो रहा हैं और मुंबई के सबसे प्रतिष्ठित गणपति पंडाल ‘लालबागचा राजा’ सज-धजकर कर तैयार हैं। गणेश चतुर्थी से पहले रविवार शाम को प्रसिद्ध गणेश पंडाल ‘लालबागचा राजा’ यानी ‘लालबाग के राजा’ की पहली झलक सामने आई। इस वर्ष मंडप को भगवान तिरुपति बालाजी की थीम पर सजाया गया है। मंडप का दृश्य किसी स्वर्ण महल जैसा है। जिसमें विराजमान बप्पा का रूप अत्यंत मनमोहक और दिव्य नजर आ रहा है। बप्पा के हाथ में चक्र, सिर पर आकर्षक मुकुट और बैंगनी रंग की धोती ने इस साल की प्रतिमा को खास बना दिया है।
यह लालबागचा राजा का 92वां वर्ष है। लगभग सौ साल पुराना यह गणेश मंडल देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में प्रसिद्ध है। हर साल लाखों श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आते हैं। बॉलीवुड सितारों से लेकर बड़े-बड़े नेता और उद्योगपति भी बप्पा के दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं।
(Photo: IANS)
दर्शन का समय व अन्य जानकारियां
‘नवसाला पावणारा गणपती’ यानी मन्नतें पूरी करने वाले बप्पा के रूप में प्रसिद्ध लालबागचा राजा की महिमा ऐसी है कि उनकी झलक पाने की लोग सालभर प्रतीक्षा करते हैं। इस साल लालबागचा राजा का भव्य दर्शन 27 अगस्त से शुरू होगा। लालबागचा राजा का दर्शन चौबीसों घंटे खुला रहेगा। भीड़ से बचने के लिए श्रद्धालुओं को सुबह जल्दी या देर रात दर्शन करने की सलाह दी जाती है। विशेषकर छुट्टियों के दिनों में यहां सबसे अधिक भीड़ होती है।
इस साल गणेश उत्सव 27 अगस्त को गणेश चतुर्थी से 6 सितंबर को अनंत चतुर्दशी तक मनाया जाएगा। वहीं, लालबागचा राजा के विसर्जन की भव्य शोभायात्रा दक्षिण मुंबई की सड़कों पर अनंत चतुर्दशी के दिन निकाली जाएगी, जो आमतौर पर अगले दिन यानी 7 सितंबर की सुबह तक चलती है।
‘लालबागचा राजा’ कैसे पहुंचे?
लालबागचा राजा पंडाल तक पहुंचने के लिए सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन मुंबई का चिंचपोकली स्टेशन है, जो सेंट्रल लाइन पर पड़ता है, जहां से पंडाल सिर्फ 10 मिनट की पैदल दूरी पर है। जबकि मुंबई के लोअर परेल (वेस्टर्न लाइन) स्टेशन से लगभग 20-25 मिनट पैदल चलकर या कैब या टैक्सी से भी बप्पा के पंडाल तक पहुंचा जा सकता है। इसके अलावा वेस्टर्न लाइन से आने वाले श्रद्धालु मुंबई के दादर स्टेशन पर उतरकर लोकल ट्रेन या टैक्सी के जरिए लालबाग जा सकते हैं। या फिर दादर से ही सेंट्रल लाइन की लोकल ट्रेनें पकड़कर चिंचपोकली स्टेशन जा सकते है।
लाइव दर्शन की सुविधा
हालांकि जो लोग मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा गणेश मंडल में नहीं आ सकते, उनके लिए लालबागचा राजा गणेश मंडल की ओर से ऑनलाइन लाइव दर्शन की व्यवस्था की गई है। इसके लिए ऑफिशियल वेबसाइट- lalbaugcharaja.com या फिर उनके यूट्यूब चैनल youtube.com/@LalbaugRaja पर घर बैठे दर्शन पा सकते है. वहीँ, मंडल के सोशल मीडिया पेज फेसबुक पर facebook.com/lalbaugcharajaofficial , इंस्टाग्राम पर instagram.com/lalbaugcharaja और एक्स ट्विटर पर x.com/lalbaugcharaja पर भी लाइव अपडेट्स, तस्वीरें और वीडियो देख सकते हैं।
Hindi News / Mumbai / Lalbaugcha Raja 2025: लालबागचा राजा के दर्शन के लिए कैसे पहुंचें? जानें तारीख, समय और ऑनलाइन दर्शन की पूरी जानकारी