योगी ने बताई PDA की परिभाषा
योगी ने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि ये लोग कूंप मंडूक हैं। वो PDA की बात करते हैं, जिसका मतलब है कि ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी.’ पूरी दुनिया आगे बढ़ रही है और ये लोग परिवार डेवलेपमेंट अथॉरिटी की तरह काम कर रहे हैं।
2027 में आने का सपना, सपना ही रहेगा
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सदन में कहा कि आप लोग जब गोमाता को धोखा दे सकते हैं तो किसको छोड़ेंगे, दूध पीकर गाय को सड़कों पर छोड़ देते थे, बुचड़खाने में दे देते हैं, आपको गोमाता का श्राप ले डूबेगा, इसलिए 2027 में आने का सपना मत देखिए। क्योंकि आपका ये सपना सपना ही रहेगा।
नेता-प्रतिपक्ष से बोले योगी
सीएम योगी ने कहा- हमारे नेता प्रतिपक्ष न जाने क्यों हमारे स्वास्थ्य मंत्री से नाराज हैं। इस उम्र में दुश्मनी मत रखिए। कभी स्वास्थ्य मंत्री को अपने यहां बुलाकर पवा (भोजन) दीजिए। बीमार होंगे तो वहीं इलाज भी कराएंगे। सीएम योगी ने आगे कहा- पूरी दुनिया के देश अपनी विरासतों को सहेजते हैं, लेकिन आपकी पार्टी के सदस्य राम को कोसते हैं, रामचरितमानस की प्रतियां फाड़ते हैं। श्रीकृष्ण की परंपरा पर संदेह करते हैं। विरासत का संरक्षण करके ही कोई देश आगे बढ़ सकता है।
आधुनिकीकरण का मतलब यह नहीं कि अपनी विरासत को भूलकर हम उस चौराहे पर खड़े हो जाएं, जहां आगे बढ़ने की सारी संभावनाएं समाप्त हो जाएं। सपा आज उसी स्थिति में खड़ी है। यूपी में अनेक धार्मिक स्थल हैं। भगवान बुद्ध से जुड़े सभी धामों का विकास किया जा रहा है, जहां हर तरह के लोग आते हैं।