script27 अफसरों का वेतन रोकने वाली और गोंडा की DM का तबादला, जानें 10 जिलाधिकारियों के ट्रांसफर के पीछे की वजह | Patrika News
लखनऊ

27 अफसरों का वेतन रोकने वाली और गोंडा की DM का तबादला, जानें 10 जिलाधिकारियों के ट्रांसफर के पीछे की वजह

IAS Transfer in UP : उत्तर प्रदेश में मंगलवार को एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 23 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया गया। वहीं गाजियाबाद के डीएम को सरकार ने कार्यकुशलता के चलते इनाम दिया है औऱ उन्हें सीएम सिटी गोरखपुर का डीएम नियुक्त किया गया है।

लखनऊJul 29, 2025 / 08:16 pm

Avaneesh Kumar Mishra

गोरखपुर के डीएम बने दीपक मीणा, PC- Patrika Design Team

IAS Transfer in UP : उत्तर प्रदेश में एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 23 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया गया। इस सूची में गोरखपुर, गाजियाबाद, प्रयागराज, बहराइच समेत 10 जिलों के जिलाधिकारी (DM) भी शामिल हैं। अयोध्या के मंडलायुक्त गौरव दयाल को अब गृह विभाग का सचिव बनाया गया है, जबकि उनकी जगह राजेश कुमार अयोध्या के नए कमिश्नर होंगे।

संबंधित खबरें

गोरखपुर के डीएम कृष्णा करुणेश को हटाया गया

गोरखपुर के डीएम कृष्णा करुणेश को नोएडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है। सूत्रों के अनुसार, पीएसी ट्रेनिंग सेंटर में ट्रेनी महिला सिपाही से जुड़े विवाद के बाद उनका तबादला किया गया है। इसके अलावा, उनका 3 साल से अधिक का कार्यकाल भी एक वजह मानी जा रही है।

27 अफसरों का वेतन रोकने वाली मोनिका रानी का तबादला

बहराइच की डीएम मोनिका रानी को बेसिक शिक्षा विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। मोनिका रानी ने हाल ही में कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर 27 अधिकारियों का वेतन रोक दिया था और पंचायती राज कर्मियों के साथ अभद्रता का भी आरोप लगा था, जिसकी शिकायत शासन में की गई थी।

DM नेहा शर्मा को बनाया गया प्रभारी महानिरीक्षक, निबंधन

गोंडा की डीएम नेहा शर्मा को प्रभारी महानिरीक्षक, निबंधन बनाया गया है। प्रशासन के सूत्रों का मानना है कि सीएम योगी और कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बीच रिश्तों में आई तल्खी के मद्देनजर नेहा शर्मा बृजभूषण सिंह और उनके परिजनों को उतनी तवज्जो नहीं दे रही थीं। सीएम योगी से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह की मुलाकात के बाद उनके बेटे सांसद बेटे करण भूषण सिंह और विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने मुलाकात की थी। हालांकि, शासन के अधिकारी इसे दो वर्ष से अधिक का कार्यकाल पूरा होने की वजह बता रहे हैं।

अपना दल के खिलाफ मोर्चा खोलने वाली DM का तबादला

मिर्जापुर की डीएम प्रियंका निरंजन को अब गोंडा की जिम्मेदारी दी गई है। लोकसभा चुनाव के बाद अपना दल (एस) ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल रखा था और मंत्री आशीष पटेल ने उन पर अनुप्रिया पटेल को चुनाव हराने का आरोप लगाया था। शासन के अधिकारियों का मानना है कि उनका डेढ़ साल से अधिक का कार्यकाल पूरा हो चुका था।

गाजियाबाद के डीएम दीपक मीणा अब गोरखपुर में

गाजियाबाद के डीएम दीपक मीणा को सीएम सिटी गोरखपुर का डीएम बनाया गया है। गाजियाबाद में 6 माह के कार्यकाल में कांवड़ यात्रा का कुशल प्रबंधन और जनसुनवाई में उनकी मिलनसार छवि को इस पदोन्नति की वजह माना जा रहा है। वह योगी सरकार में लगातार डीएम बनाए जाने वाले चुनिंदा आईएएस अधिकारियों में से हैं।
कानपुर देहात के डीएम आलोक सिंह का स्थानांतरण : कानपुर देहात के डीएम आलोक सिंह को राज्य संपत्ति अधिकारी नियुक्त किया गया है। बताया जा रहा है कि हाल ही में एक मंत्री को मनाने में उनकी असफलता इस तबादले का कारण बनी।
कासगंज की मेधा रूपम को गौतमबुद्धनगर की कमान : कासगंज में बेहतर काम का इनाम मेधा रूपम को मिला है, उन्हें गौतमबुद्धनगर जैसे बड़े और महत्वपूर्ण जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब यहां पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और डीएम मेधा रूपम, दोनों पदों पर महिला अधिकारी तैनात हैं।
प्रयागराज के रविंद्र मंदर को गाजियाबाद की जिम्मेदारी : प्रयागराज के डीएम रविंद्र मंदर को अब गाजियाबाद का डीएम नियुक्त किया गया है। महाकुंभ के दौरान मेला क्षेत्र के बाहर की व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से संभालने का उन्हें इनाम मिला है।
गौतमबुद्धनगर से मनीष वर्मा प्रयागराज भेजे गए : गौतमबुद्धनगर के डीएम मनीष वर्मा ने ढाई साल का कार्यकाल पूरा कर लिया था, जिसके बाद उन्हें प्रयागराज की जिम्मेदारी दी गई है।

ललितपुर से अक्षय त्रिपाठी बहराइच पहुंचे: ललितपुर के डीएम अक्षय त्रिपाठी को बहराइच जैसे संवेदनशील जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें ‘स्वच्छ भविष्य अभियान’ में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रधानमंत्री अवॉर्ड 2024-25 भी मिला है।

पहली बार जिले की कमान संभालने वाले 4 अफसर

प्रणय सिंह (2015 बैच): अपर आयुक्त (प्रशासन) गन्ना एवं प्रबंध निदेशक से कासगंज के डीएम बने।

कपिल सिंह: यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के एसीईओ से कानपुर देहात के डीएम बने। यीडा में उनके कामकाज की आला अधिकारियों ने भी प्रशंसा की थी।
पवन कुमार गंगवार: राज्य संपत्ति अधिकारी से मिर्जापुर के डीएम बने। कुर्मी समाज से आने वाले गंगवार को केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के संसदीय क्षेत्र में तैनात किया गया है।

अमनदीप खुल्ली (2015 बैच): कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा से ललितपुर के डीएम बनाए गए हैं।

इन अफसरों का भी हुआ स्थानांतरण

  1. राजेश कुमार: गृह एवं सतर्कता विभाग के सचिव से अयोध्या के मंडलायुक्त बने।
  2. जयनाथ यादव: संयुक्त निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तीकरण निदेशालय से विशेष सचिव, कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा में भेजे गए।
  3. प्रणता ऐश्वर्या: विशेष सचिव, नमामि गंगे से सीतापुर की मुख्य विकास अधिकारी बनीं।
  4. मिनिष्ती एस: सचिव, वित्त विभाग से गन्ना आयुक्त, उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी संभालीं।
  5. प्रमोद उपाध्याय: गन्ना आयुक्त से समाज कल्याण विभाग के सचिव बने।
  6. सारिका मोहन: सचिव, बेसिक शिक्षा विभाग से वित्त विभाग की सचिव बनीं।
  7. अमृत त्रिपाठी: मुख्य कार्यपालक अधिकारी, बीडा से उच्च शिक्षा विभाग के सचिव बने।
  8. विमल दुबे: झांसी के मंडलायुक्त से बीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे।

Hindi News / Lucknow / 27 अफसरों का वेतन रोकने वाली और गोंडा की DM का तबादला, जानें 10 जिलाधिकारियों के ट्रांसफर के पीछे की वजह

ट्रेंडिंग वीडियो