भाजपा सरकार की नीति के खिलाफ सपा का कदम
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की शिक्षा विरोधी नीति के खिलाफ 15 अगस्त 2025 को स्वतंत्रता दिवस पर समाजवादी पार्टी के विधायक, नेता और पदाधिकारी ऐसे गांवों में जाकर स्वतंत्रता दिवस मनाएंगे जहां स्कूलों को बंद किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में लगभग पांच हजार प्राइमरी स्कूलों को बंद करने का निर्णय है।
‘भाजपा का एजेंडा सामाजिक न्याय के विरुद्ध’
उन्होंने कहा कि भाजपा का एजेंडा सामाजिक न्याय के विरुद्ध है। सपा सामाजिक न्याय के राज्य की स्थापना करने को संकल्पित है। जातीय जनगणना से सभी को समानुपातिक भागीदारी मिलनी है। भाजपा सरकार विपक्ष के बहुत दबाव के बाद इस पर आधे-अधूरे मन से राजी हुई है।
बिहार-यूपी में वोटर लिस्ट को लेकर चेतावनी
अखिलेश ने कहा कि भाजपा विकास और बच्चों की शिक्षा की विरोधी इसलिए है, क्योंकि लोग शिक्षित और जागरूक होंगे तो उसकी नकारात्मक और पीडीए विरोधी रीति-नीति से सभी लोग परिचित हो जाएंगे। भाजपा की नफरती और अलगाववादी सोच से सावधान रहने की जरूरत है। बिहार में चुनाव आयोग मतदाताओं की मनमानी छंटनी की तैयारी में है। वहां बहुत विरोध हो रहा है। कल उत्तर प्रदेश की बारी आएगी। इसलिए समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को वोट बढ़ाने और अवांछित मतदाताओं के नाम हटवाने पर निगाह रखनी होगी। जनता हमारी पार्टी के साथ है।