scriptRTE की राशि में 11 लाख से अधिक की गड़बड़ी, मान्यता खत्म करने की तैयारी… | Misappropriation of more than 11 lakh rupees in RTE amount, | Patrika News
कोरबा

RTE की राशि में 11 लाख से अधिक की गड़बड़ी, मान्यता खत्म करने की तैयारी…

RTE Admission 2025: कोरबा जिले में तुलसी नगर में संचालित कौशिल उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय में नियमों के उल्लंघन और आरटीई की राशि में फर्जीवाड़े की विभाग ने पुष्टि की है।

कोरबाAug 07, 2025 / 05:33 pm

Shradha Jaiswal

RTE की राशि में 11 लाख से अधिक की गड़बड़ी, (photo-patrika)

RTE की राशि में 11 लाख से अधिक की गड़बड़ी, (photo-patrika)

RTE Admission 2025: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तुलसी नगर में संचालित कौशिल उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय में नियमों के उल्लंघन और आरटीई की राशि में फर्जीवाड़े की विभाग ने पुष्टि की है। अब जांच के आधार पर उक्त स्कूल की मान्यता खत्म करने और गड़बड़ी राशि वसूली की भी तैयारी हो रही है। इसके लिए डीईओ ने माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव को पत्र लिखा है।

RTE Admission 2025: शिक्षा मंडल के सचिव को डीईओ ने लिखा पत्र

कोरबा के गौरव युवा मंडल तुलसीनगर द्वारा संचालित कौशिल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तुलसीनगर, कोरबा में आरटीई में गड़बड़ी की शिकायत के बाद स्कूल की मान्यता और आरटीई पोर्टल से संबंधित अनियमितताओं की जांच के लिए जिला शिक्षा अधिकारी ने 16 अप्रैल को जांच कमेटी गठन किया था।
कमेटी में प्राचार्य, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, साडा कन्या, टीपी नगर और प्राचार्य, सेजेस एनसीडीसी को शामिल किया गया था। उन्हें दो सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट देने कहा गया था। जांच पूरी कर ली गई है। इसमें कई बिंदुओं पर अनियमितताओं की पुष्टि हुई है। जांच समिति को विद्यालय की मान्यता, पिछले तीन वर्षों में कक्षावार दर्ज छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की संख्या।

मान्यता खत्म करने की तैयारी

शिक्षकों को दिए गए वेतन, आरटीई पोर्टल में दर्ज छात्र-छात्राओं की संख्या, शासन से प्राप्त आरटीई राशि, इस राशि का ऑडिट, और यू-डाइस में दर्ज आधार आईडी के आधार पर जनरेट हुए छात्र-छात्राओं की जानकारी से संबंधित दस्तावेजों की जांच करन के निर्देश दिए गए थे। शिकायत के अनुसार कौशिल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का संचालन कई वर्षों से बिना मान्यता के किया जा रहा है।
डीईओ ने माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव पत्र लिया है। इसमें उल्लेख है कि गौरव युवा मंडल द्वारा तुलसीनगर कोरबा में संचालित कौशिल स्कूल का मान्यता वृद्धि के लिए जारी मान्यता प्रमाण पत्र में किसी भी शर्तो का पालन नहीं किया गया है।

11 लाख रुपए से अधिक राशि वसूली की अनुशंसा

आरटीई के तहत जिन बच्चों को स्कूल में प्रवेश दिया गया। उसके एवज में शासन से प्राप्त राशि में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई है। बच्चों की संख्या कम होने के बाद भी संख्या को गलत तरीके से उल्लेखित कर राशि प्राप्त की गई है। आरटीई के तहत शासन से विगत तीन वर्षो (2022-23, 2023-24 एवं 2024-25) क्षतिपूर्ति शुल्क राशि का ऑडिट कराया गया है। निजी स्कूल प्रबंधन ने सत्र 2023-24 में अध्ययनरत कक्षा नर्सरी से 12वीं तक की कक्षावार 129 छात्र की सूची दी है। इसमें 43 छात्र आरटीई में प्रवेशित हैं।
जबकि संस्था को आरटीई पोर्टल की दावा प्रतिपूर्ति वर्ष 2023-24 की सूची में 56 छात्रों की राशि जारी की गई है। इस प्रकार 13 छात्रों की जानकारी 2023-24 में अध्ययनरत बच्चों की सूची में सम्मिलित नहीं है। इसी प्रकार 2022-23 में कक्षा 9वीं से 12वीं की उपस्थिति पंजी में कक्षा 12वीं में दर्ज संख्या 10 है। इसमें से आरटीई में प्रवेशित छात्र 3 है। जबकि पोर्टल की दावा प्रति पूर्ति वर्ष 2022-23 की सूची में कक्षा 12वीं में प्रवेशित छात्र की संख्या 8 है। साथ ही इस तरह कुल राशि 11 लाख 36 हजार 336 रुपए की गड़बड़ी हुई है।

जांच रिपोर्ट में गड़बड़ियों की पुष्टि

●स्कूल की जांच करने के बाद टीम ने पाया कि कौशिल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तुलसीनगर को हाईस्कूल परीक्षा के लिए एक जुलाई 2008 से 30 जून 2025 तक और हायर सेकेंडरी परीक्षा के लिए एक जुलाई 2018 से 30 जून 2025 तक के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा मान्यता दी गई थी।
●टीम ने 18 जून 2025 को संस्था में उपस्थित होकर जांच की। इस दौरान संस्था के प्राचार्य ने भवन का किराया नामा नक्शा बी-1 खसरा अथवा स्वयं/समिति का भूस्वामित्व संबंधी दस्तावेज जांच समिति को उपलब्ध नहीं कराया। विद्यालय में अध्यापन के लिए केवल पांच शिक्षक ही मिले, जो शिक्षकीय पद की योग्यता रखते हैं।
●विद्यालय नर्सरी से कक्षा 12वीं तक कुल 15 कक्षाएं संचालित हो रही हैं। इसमें वर्ष 2022 में 131 वर्ष, 2023 में 129 वर्ष 2024 में 115 बच्चों की जानकारी दी गई है। इनके अध्यापन के लिए केवल चार कमरे ही हैं। 15 कक्षाओं को चार कमरों में अध्यापन कराया जाना संभव नहीं है। वहीं स्कूल के छह कमरे जर्जर हैं।
●शिक्षकों को मानदेय भी नगद भुगतान किया जाता है। जुलाई 2022 में चार शिक्षकों को जुलाई 2023 में सात शिक्षकों एवं जुलाई 2024 में पांच शिक्षकों को मानदेय भुगतान की जानकारी दी गई है। शेष माह का मानदेय नहीं दिया गया है। वितरण पंजी भी उपलब्ध नहीं कराया गया है।

Hindi News / Korba / RTE की राशि में 11 लाख से अधिक की गड़बड़ी, मान्यता खत्म करने की तैयारी…

ट्रेंडिंग वीडियो