राजस्थान में मानसून के दस्तक की संभावित तारीख तय, जानें कब से होगी झमाझम बारिश
पूर्वोत्तर राज्यों में सक्रिय दक्षिण पश्चिमी मानसून झमाझम बरस रहा है। राजस्थान में फिलहाल मानसून की दस्तक में अभी समय है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार मरूधरा में मानसून की एंट्री की आगामी 20 जून तक होने वाली है।
Rajasthan Weather: देश के पूर्वोत्तर राज्यों में सक्रिय दक्षिण पश्चिमी मानसून झमाझम बरस रहा है। राजस्थान में फिलहाल मानसून की दस्तक में अभी समय है, लेकिन मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मरूधरा में मानसून की एंट्री की आगामी 20 जून तक होने वाली है। हालांकि अभी मानसून पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश से भी दूर है लेकिन बंगाल की खाड़ी में सक्रिय वायुदाब क्षेत्र के प्रभाव से मध्यप्रदेश भी मानसून इस बार तय वक्त से पहले दस्तक देने की प्रबल संभावना बन रही है।
मौसम विशेषज्ञों की मानें तो राजस्थान में दक्षिण पश्चिमी मानसून 25 जून के आसपास ही दस्तक देता है। लेकिन इस बार केरल तट से लेकर महाराष्ट्र और गुजरात में मानसून की तय वक्त से पहले एंट्री हुई। एंट्री के बाद अनुकूल परिस्थितियां बनने पर मानसून ने देश के पूर्वोत्तर इलाकों की ओर रूख कर लिया। महाराष्ट्र में मानसूनी मेघ जमकर बरसे।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तंत्र का असर आगामी दिनों में कमजोर पड़ने और विंड पैटर्न में बदलाव के साथ पूर्वी पाकिस्तान क्षेत्र में आगामी दो तीन दिन बार तेज गर्मी का दौर शुरू होने पर फिर से मानसून के आगे बढ़ने की रफ्तार तेज होने की संभावना हैं , ऐसे में राजस्थान में मानसून इस साल भी तय वक्त से पहले और संभावित 20 जून तक दस्तक देने की संभावना है।
पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश में सामान्यतया मानसून 15 जून तक दस्तक देता है। लेकिन बंगाल की खाड़ी में बन रहे सिस्टम के असर से पूर्वोत्तर राज्यों की ओर खिसका मानसून संभवतया इस साल 10 से 12 जून तक प्रवेश कर सकता है। मध्यप्रदेश में मानसून की एंट्री होने के साथ ही राजस्थान में मानसून पूर्व बारिश की गतिविधियां भी तेज होने की संभावना है।
राजस्थान में अगले दो तीन दिन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने पर कई जिलों में मध्यम से तेज बारिश का दौर सक्रिय रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 6 जून से प्रदेश के अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहने और पारे में दो से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। ऐसे में जून के पहले पखवाड़े में फिर से गर्मी के तेवर तीखे होने के आसार हैं।
राजधानी जयपुर में बीती रात पारा औसत से 5 डिग्री नीचे लुढ़क कर 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। गौरतलब है कि पिछले साल जून माह में शहर का न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था। वहीं वर्ष 2017 में शहर का सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हो चुका है। ऐसे में अगले 24 घंटे में शहर में रात के तापमान में एक दो डिग्री तक और गिरावट होने की आशंका है।
Hindi News / Jaipur / राजस्थान में मानसून के दस्तक की संभावित तारीख तय, जानें कब से होगी झमाझम बारिश