गौतम अश्विनी अनखड़ की बॉम्बे हाईकोर्ट में जज के रूप में नियुक्ति को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अनखड़ ने लंबे समय तक कानूनी क्षेत्र में अपनी सेवाएं दी हैं और उनकी नियुक्ति के लिए चयन प्रक्रिया पिछले एक साल से चल रही थी। उनकी इस उपलब्धि पर अशोक गहलोत ने खुशी जताई है।
दरअसल, केंद्र सरकार की अनुशंसा पर राष्ट्रपति भवन ने गौतम अश्विनी अनखड़ को बॉम्बे हाईकोर्ट में अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में नियुक्त करने के लिए आदेश जारी किया है। यह नियुक्ति एडवोकेट कोटे के तहत की गई है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 24 सितंबर 2024 को उनके नाम की सिफारिश केंद्र सरकार को भेजी थी, जिसके बाद यह नियुक्ति 4 जुलाई 2025 को औपचारिक रूप से जारी की गई है।
कौन हैं गौतम अश्विनी अनखड़?
गौतम अश्विनी अनखड़ राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के दामाद हैं। उनकी शादी अशोक गहलोत की बेटी सोनिया गहलोत से हुई है। गौतम अनखड़ एक जाने-माने वकील हैं और हाल ही में उनकी नियुक्ति बॉम्बे हाईकोर्ट में अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में हुई है।
सोनिया गहलोत ने मुंबई में आर्किटेक्चर की पढ़ाई पूरी की है और वह कुछ कंपनियों में निदेशक के रूप में भी कार्यरत हैं। इस दंपति के दो बच्चे हैं, एक बेटा और एक बेटी। बता दें, गौतम अनखड़ का परिवार मुंबई के एक प्रतिष्ठित व्यवसायिक घराने से ताल्लुक रखता है। उनकी शादी के बाद वह और सोनिया मुंबई में रहते हैं।
हाल में राजेश मीणा बने थे मुख्य सचिव
बता दें, इससे पहले दौसा से पूर्व सांसद जसकौर मीणा के दामाद और सवाई माधोपुर के निवासी आईएएस अधिकारी राजेश मीणा को महाराष्ट्र का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया था। राजेश मीणा अब तक महाराष्ट्र में विभिन्न प्रशासनिक पदों पर जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वे वर्तमान में एडिशनल चीफ सेक्रेटरी (ACS) रेवेन्यू और फॉरेस्ट डिपार्टमेंट के पद पर कार्यरत थे। राजेश मीणा इसी साल अगस्त में रिटायर हो रहे हैं। इन दोनों नियुक्तियों ने राजस्थान की प्रतिष्ठा को और बढ़ाया है। वहीं, सामाजिक और राजनीतिक हलकों में इन नियुक्तियों को लेकर चर्चा गर्म है।