80 करोड़ की लागत से लोक निर्माण विभाग इस मार्ग का उन्नयन कर रहा है। तेरह किलोमीटर लंबे इस मार्ग का चौड़ीकरण होने से नगर में प्रवेश सुगम होगा। इसके साथ ही क्षेत्र में तेजी से विकास की राह खुलेगी। इसके पहले महाराजपुर तक सड़क का चौड़ीकरण किया जा चुका है।
परियट पर काम शुरू
शहर को पनागर, गोसलपुर क्षेत्र से जोड़ने वाले इस प्रमुख मार्ग में परियट नदी व करौंदा नाला के संकरे पुलों पर बॉटलनेक बनता था। इन पुलों के चौड़ीकरण से बॉटलनेक खत्म हो जाएगा। परियट नदी पर बड़े पुल का निर्माण शुरू हो गया है। यह काम लोक निर्माण विभाग के ब्रिज डिवीजन को सौंपा गया है।
जमीनों की उपलब्धता
क्षेत्र में जमीन की उपलब्धता के कारण भी यहां विकास को लेकर भरपूर संभावनाएं हैं। पूर्व में इस क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण, नए एयरपोर्ट के निर्माण, नए औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए भी संभावनाएं तलाशी जाती रही हैं। नगर में अन्य क्षेत्रों के मुकाबले यहां जमीनों की ज्यादा उपलब्धता है।
बारिश के बाद शुरू होगा सड़क चौड़ीकरण
निर्माण एजेंसी लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मानसून सीजन खत्म होते ही फोरलेन सड़क के निर्माण का काम शुरू हो जाएगा। अधारताल से आगे महाराजपुर तक शहर का विस्तार हो रहा है। यहां नई कालोनियों का निर्माण हुआ है। क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियां भी बढ़ी हैं। कई समूहों के स्कूल खुल गए हैं। लेकिन उससे आगे सड़क संकरी होने के कारण विकास थम गया था। लेकिन फोरलेन सड़क के निर्माण के बाद क्षेत्र में विकास को गति मिलेगी। अभी तक ये क्षेत्र पूरी तरह से गांव नजर आता था।