Gonda News:
गोंडा जिले की कौड़िया पुलिस ने बबलू हत्याकांड के एक आरोपी अन्नू सिंह उर्फ राजेश सिंह पुत्र अंबिका सिंह को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया है। बता दें कि 19 मई को बबलू जब अपने मुर्गी फार्म पर सो रहा था। उसी समय गांव के राजेश सिंह, कमल बहादुर सिंह सहित चार लोग वहां पहुंचे आरोप है कि जबरन उसके हाथ पैर बांधकर जहर पिला दिया। मृतक के पिता तेज बहादुर सिंह पुत्र अर्जुन सिंह ने पुलिस को दिए गए तहरीर में कहा कि जब उनका बेटा मुर्गी फार्म पर सो रहा था। तभी गांव के कमल बहादुर सिंह, भारत सिंह, अन्नू सिंह उर्फ राजेश सिंह (पुत्रगण अम्बिका सिंह) एवं राहुल सिंह (पुत्र अन्नू सिंह) एकराय होकर वहां आए। इसके बाद पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। तथा उसके हाथ-पैर और नाक दबाकर जबरन मुंह में जहर पिला दिया। इसके बाद फरार हो गए। मेरा बेटा किसी तरह घर आया। उसने घटना की जानकारी दी। जिसे तत्काल जिला अस्पताल गोण्डा ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
प्रभारी निरीक्षक बोले- एक आरोपी गिरफ्तार अन्य की हो रही तलाश
इस संबंध में कौड़िया थाना के प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।