Gonda News:
गोंडा जिले के धानेपुर थाना के गांव ख्वाजाजोत रमखड़वा का रहने वाला युवक सुनील का पंजाब प्रांत के लुधियाना में एक युवती से उसका प्रेम प्रसंग हो गया। वह शहर के डिवीजन नंबर तीन थाना क्षेत्र के फतेहगंज मोहल्ले के एक मकान में छह माह से उसके साथ लिव इन रिलेशन में रह रहा था। जैसे-जैसे समय बीतता गया। दोनों के बीच मनमुटाव चलने लगा। आए दिन किसी न किसी बात को लेकर दोनों में विवाद शुरू हो गया। एक दिन बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि प्रेमिका ने प्रेमी को एक थप्पड़ जड़ दिया। यह घटना 8 जून 2025 की है। इससे नाराज सुनील ने प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद वहां से फरार हो गया था। लुधियाना से आए इंस्पेक्टर ने बताया कि प्रेमिका के भाई ने एफआईआर दर्ज कराई थी। तमाम साक्ष्यों को आधार बनाकर जांच की जा रही थी। पता चला कि वह भागकर गोंडा आ गया है। रविवार को आरोपी को धानेपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पंजाब पुलिस टीम हत्यारोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर गई
इस संबंध धानेपुर के प्रभारी निरीक्षक निर्भय नारायण सिंह ने बताया कि पंजाब पुलिस की टीम आई थी। रविवार को धानेपुर इलाके से हत्यारोपी को गिरफ्तार किया है। पंजाब पुलिस टीम सुनील को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर चली गई है।