गाजियाबाद कमिश्नरेट के ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र में 22 जुलाई को एक किशोर की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। मृतक की पहचान रेहान के रूप में हुई। अगले ही दिन, 23 जुलाई को पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। केस की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई टीमों का गठन किया। सभी टीमें लगातार साक्ष्य जुटाने में लगी रही। गुरुवार को पुलिस ने हत्या की इस वारदात से पर्दा उठाते हुए तीन आरोपियों वसीम, साहिल उर्फ टुली और रेहान उर्फ पंडित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। इस हत्या की जो वजह सामने आई। वह खुद पुलिस के लिए चौंकाने वाली रही।
छोले भटूरे खिलाने के बाद दोस्त ने दोस्त की कर दी हत्या
आरोपियों ने हत्या की पूरी साजिश रची। रेहान को अपने इलाके में बुलाकर पहले दोस्ती का नाटक किया। उसे छोले-भटूरे की पार्टी का लालच दिया गया। खाने के बाद बातचीत के बहाने इलायचीपुर गांव के सुनसान खेतों की तरफ ले जाया गया। वहां पहुंचने पर साहिल ने रेहान को पीछे से कसकर पकड़ लिया। वसीम ने छुरी निकालकर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। इसके बाद तीसरे आरोपी रेहान उर्फ पंडित ने भी चाकू से हमला किया। जिससे रेहान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हत्या के बाद तीनों युवक फरार हो गए थे।
सोशल मीडिया बनी हत्या का कारण लड़की को फॉलो करना पड़ा महंगा
पूछताछ में वसीम ने बताया कि रेहान और वह सोशल मीडिया के जरिए जुड़े थे। वसीम एक लड़की को फॉलो करता था। लेकिन जब उसे पता चला कि रेहान भी उसी लड़की के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देने लगा है। तो उसे यह बात नागवार गुजरी। इसी झगड़े ने धीरे-धीरे दुश्मनी का रूप ले लिया। अंततः वसीम ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर रेहान के हत्या की योजना बना डाली।
एसीपी बोले- 10 घंटे के भीतर तीन आरोपी गिरफ्तार
लोनी के एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना के केवल 10 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू और छुरी भी बरामद कर ली गई है। आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।