scriptछात्रों की सोच को मिलेंगे पंख, विज्ञान केंद्र देगा वैज्ञानिक सोच | Students' thinking will get wings, Science Centre will give scientific thinking | Patrika News
धौलपुर

छात्रों की सोच को मिलेंगे पंख, विज्ञान केंद्र देगा वैज्ञानिक सोच

धौलपुर की ऐतिहासिक और प्राकृतिक विविधताओं से समृद्ध धरती पर विज्ञान और नवाचार की एक नई दिशा जुड़ी। केंद्रीय राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ.जितेंद्र सिंह एक दिवसीय दौरे पर धौलपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिला कलक्ट्रेट स्थित सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय प्रतिरक्षा विज्ञान संस्थान के सहयोग से स्थापित धौलपुर विज्ञान केंद्र का उद्घाटन किया।

धौलपुरJul 09, 2025 / 06:57 pm

Naresh

छात्रों की सोच को मिलेंगे पंख, विज्ञान केंद्र देगा वैज्ञानिक सोच Students' thinking will get wings, Science Centre will give scientific thinking
केंद्रीय मंत्री डॉ.जितेंद्र सिंह ने सौंपी विज्ञान केंद्र की सौगात- जिला कलक्ट्रेट परिसर में खुला विज्ञान केन्द्र

धौलपुर. धौलपुर की ऐतिहासिक और प्राकृतिक विविधताओं से समृद्ध धरती पर विज्ञान और नवाचार की एक नई दिशा जुड़ी। केंद्रीय राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ.जितेंद्र सिंह एक दिवसीय दौरे पर धौलपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिला कलक्ट्रेट स्थित सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय प्रतिरक्षा विज्ञान संस्थान के सहयोग से स्थापित धौलपुर विज्ञान केंद्र का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के पश्चात केंद्रीय मंत्री ने विज्ञान केंद्र का अवलोकन किया और विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों की ओर से प्रस्तुत विभिन्न विज्ञान प्रयोगों को न केवल सराहा बल्कि विज्ञान के सिद्धांतों को सरल भाषा में समझने और उन्हें दैनिक जीवन से जोडऩे की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि यह केंद्र विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और प्रयोगात्मक शिक्षा को बढ़ावा देने में एक मील का पत्थर साबित होगा।
इस अवसर पर उन्होंने कलक्ट्रेट परिसर स्थित पार्क में एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी जागरूकता का संदेश दिया। बाद में टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह नवाचार और विज्ञान का युग है। भारत सरकार की आकांक्षी जिलों में विज्ञान केंद्रों की स्थापना उसी सोच का विस्तार है। जिससे देश के दूरस्थ और पिछड़े क्षेत्रों में भी वैज्ञानिक चेतना का विस्तार हो सके। उन्होंने कहा कि भारत अब वैज्ञानिक नवाचारों में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। चाहे वह चंद्रयान 3 मिशन के तहत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने की बात हो या ग्रामीण नवाचारों की, भारत ने वैश्विक मंच पर विज्ञान के क्षेत्र में अपनी दृढ़ उपस्थिति दर्ज कराई है।
मंत्री ने बच्चों के साथ किया संवाद

इस दौरान विद्यार्थियों ने केंद्रीय मंत्री से संवाद करते हुए विज्ञान में रुचिए नवाचार और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की। छात्राओं ने सुझाव दिए कि राज्य के अन्य जिलों में भी इसी प्रकार विज्ञान केंद्रों की स्थापना की जाए। बच्चों ने इसे अपने लिए अत्यंत लाभकारी बताया और कहा कि अब विज्ञान केवल किताबों तक सीमित नहीं रहेगा। बल्कि वे उसे स्वयं प्रयोग कर सीख सकेंगे।
बच्चों को जानकारी मिलती है तो सीमित नहीं रहती

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा विज्ञान की जानकारी जब बच्चों के पास पहुंचती है, तो वह केवल किताबों तक सीमित नहीं रहती, वह उनके जीवन के निर्णयों में झलकने लगती है। यह विज्ञान केंद्र हमारे युवाओं को तकनीकी और डिजिटल युग के साथ तालमेल बिठाने में सहायक सिद्ध होगा। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रतिरक्षा संस्थान के निदेशक डॉ.देवाशीष मोहंती, जैव प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव डॉ.राजेश एच.गोखले तथा राष्ट्रीय विज्ञान केंद्रए नई दिल्ली के निदेशक डॉ.विजय शंकर शर्मा ने विज्ञान और जैव प्रौद्योगिकी क्षेत्र में हो रहे नए प्रयोगों और उपलब्धियों की जानकारी दी। इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ए एन सोमनाथ, एडीएम हरिराम मीणा, पूर्व विधायक सुखराम कोली, गिर्राज सिंह मलिंगा, रानी सिलौटिया, भाजपा जिलाध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत, डॉ शिवचरण कुशवाह, नीरजा शर्मा, इंदु जाटव, सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
वैज्ञानिक चेतना की उड़ान का रनवे है: डीएम

कार्यक्रम के अंत में जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने सभी गणमान्य अतिथियों और वैज्ञानिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह विज्ञान केंद्र धौलपुर के लिए केवल एक संरचना नहीं, बल्कि वैज्ञानिक चेतना की उड़ान का रनवे है। उन्होंने यह भी कहा कि अब धौलपुर की पहचान सिर्फ बागियों या बीहड़ों तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि यह जिला प्राकृतिक पर्यटन, वैज्ञानिक सोच और सतत विकास की नई इबारत लिखेगा।
कारपेट गंदा न हो, उतरवा दिए जूते…

विज्ञान केन्द्र के उद्घाटन समारोह को लेकर पीआरओ कार्यालय को कारपेट और फूलों से सजाया गया था। अंतिथियों से आने से पहले कारपेट गंदा न हो इसको लेकर एक कार्मिक की ड्यूटी बाहर लगा दी, जिन्होंने बाहर ही जूते उतरवा दिए। केन्द्रीय मंत्री के प्रवेश करने के बाद ही लोग अपने जूते वापस पहन पाए।
डीएम कक्ष में कॉफी ली और की गुफ्तगू….

जिला कलक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण करने के बाद केन्द्रीय मंत्री डॉ.जितेन्द्र सिंह कलक्ट्रेट कक्ष में पहुंचे। यहां पर डीएम श्रीनिधि बी टी ने उनका स्वागत किया। यहां पर अतिथियों को कॉफी पिलाई और हल्की फुल्की चर्चा भी हुई। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता आने से कई बाहर ही रह गए।

Hindi News / Dholpur / छात्रों की सोच को मिलेंगे पंख, विज्ञान केंद्र देगा वैज्ञानिक सोच

ट्रेंडिंग वीडियो