scriptDausa: भक्ति का जूनून… कलश लेकर 11 हजार से अधिक महिलाएं 10 KM चलीं पैदल, मंत्री किरोड़ी लाल ने बरसाए फूल | 11 thousand women walked 10 KM carrying Kalash in Dausa Minister Kirori Lal | Patrika News
दौसा

Dausa: भक्ति का जूनून… कलश लेकर 11 हजार से अधिक महिलाएं 10 KM चलीं पैदल, मंत्री किरोड़ी लाल ने बरसाए फूल

दौसा जिले के भुसावर थाना क्षेत्र के उलू कमालपुरा गांव स्थित आनंद आश्रम में मोनी महाराज शोभानंद भारती के सानिध्य में 5 हजार 121 कुंडीय महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है।

दौसाMay 05, 2025 / 11:33 am

Lokendra Sainger

kirodi lal meena

महुवा में भव्य और ऐतिहासिक कलश यात्रा

दौसा जिले के भुसावर थाना क्षेत्र के उलू कमालपुरा गांव स्थित आनंद आश्रम में मोनी महाराज शोभानंद भारती के सानिध्य में 5 हजार 121 कुंडीय महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इसी उपलक्ष्य में रविवार को महात्मा गांधी कॉलेज महुवा से भव्य और ऐतिहासिक कलश यात्रा का शुभारंभ किया गया। कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने कलश यात्रा में पहुंचकर कलश यात्रा का पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया और मोनी बाबा से आशीर्वाद लेते हुए आमजन को इस कार्यक्रम के लिए बधाई दी।
इस कलश यात्रा में 11 हजार से अधिक महिलाओं ने भाग लिया और सिर पर कलश धारण कर नगर भ्रमण किया। यात्रा महात्मा गांधी कॉलेज से प्रारंभ होकर मंडावर रोड होते हुए नेशनल हाईवे 21 पर पहुंची। ऐसे में महुवा शहर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। जगह-जगह सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने पुष्प वर्षा की। पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए और यात्रा के दौरान शहर में एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू रही।
विश्व हिंदू परिषद महुवा के प्रखंड अध्यक्ष उदयभानु घूसिंगा ने बताया कि यह कलश यात्रा उलूपरा स्थित आनंद आश्रम पहुंची। जहां पर 24 मई तक महायज्ञ का आयोजन चलेगा। महायज्ञ का उद्देश्य सनातन संस्कृति की रक्षा, समाज में प्रेमभाव बढ़ाना और युवाओं में अच्छे संस्कारों का विकास करना है। 25 मई को यज्ञ प्रसाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा।, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के भाग लेने की संभावना है। यात्रा 10 किमी चलकर यज्ञ स्थल पहुंची।

सड़क पर पानी का छिड़काव

रुद्र महायज्ञ एवं कलश यात्रा को देखते हुए महुवा कस्बे वासियों सहित महिला भक्तों को परेशानी नहीं हो, इसे लेकर गर्मी में बचाव के लिए कलश यात्रा के मार्ग वाली सड़क पर ट्रैक्टरों से पानी छिड़का गया और सड़क को ठंडी बनाए रखा।

एसी रथ में सवार संत

कलश यात्रा के दौरान भक्तों को दर्शन देने के लिए मोनी बाबा भी एसी रथ में सवार थे। उनका आशीर्वाद लेने के लिए भी बड़ी संख्या में कस्बेवासियों की भीड़ रथ के पास जमा रही।

कस्बे का मार्ग हुआ जाम

कलश यात्रा में निकली हजारों महिलाओं एवं उन पर पुष्प वर्षा करने आए नागरिकों एवं अन्य भक्तों के सड़क पर जमा हो जाने के कारण कस्बे के मार्ग पूरी तरह जाम हो गए। व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सीओ रमेश चंद तिवारी भी थानाधिकारी राजेंद्र मीणा के साथ व्यवस्था बनाते नजर आए। महुवा, मंडावर, बालाहेड़ी, सलेमपुर सहित दौसा से पुलिस लाइन एवं आरएसी के जवान सहित अन्य थानों का पुलिस जाप्ता मौजूद रहा। अनेक पुलिसकर्मी हाईवे किनारे कट पर मौजूद रहे।

कस्बेवासियों ने की आवभगत

रुद्र महायज्ञ एवं कलश यात्रा को देखते हुए कस्बे वासियों ने कलश यात्रा में शामिल महिलाओं एवं संतों के लिए पलक पावड़े बिछाकर स्वागत किया। कस्बे के मंडावर रोड तिराहे पर ब्राह्मण समाज अध्यक्ष ताराचंद शर्मा के नेतृत्व में सड़क पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। इस दौरान पूर्व उपप्रधान मिश्री देवी एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विजय शंकर बोहरा द्वारा भी स्वागत किया गया। कस्बे में सैकड़ो जगह पानी की बोतल दी गई।

Hindi News / Dausa / Dausa: भक्ति का जूनून… कलश लेकर 11 हजार से अधिक महिलाएं 10 KM चलीं पैदल, मंत्री किरोड़ी लाल ने बरसाए फूल

ट्रेंडिंग वीडियो