scriptVande Bharat Speed Test : टिकट 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार का…पर स्पीड 76 की? | Patrika News
कारोबार

Vande Bharat Speed Test : टिकट 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार का…पर स्पीड 76 की?

Vande Bharat Speed Test : 2019 में चेन्नै स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) में वंदे भारत ट्रेन को तैयार किया गया। इसके बाद कई प्रमुख रूटों पर इन ट्रेनों को चलाया गया।

भारतAug 05, 2025 / 06:14 pm

Ashish Deep

वंदे भारत एक्सप्रेस

वंदे भारत एक्सप्रेस – ट्रेन 18 (22439) की अधिकतम गति 180 किमी/घंटा है। (फोटो सोर्स : Indian Railways)

2019 में जब Vande Bharat Train शुरू हुई थी तो हल्ला मचा था कि Indian Railways अब 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ने वाली ट्रेन से सफर कराएगा। लेकिन आंकड़े कुछ और बानगी बयां कर रहे हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हाल में राज्यसभा में बताया है कि Vande Bharat Train की डिजाइन स्पीड 180 किमी प्रति घंटा है और ऑपरेटिंग स्पीड 160 किमी प्रति घंटा। लेकिन 2020-21 जहां इनकी औसत स्पीड 84.48 किमी प्रति घंटा थी, वहीं 2023-24 में यह घटकर 76.25 किमी प्रति घंटा हो गई। मतलब, यात्री जिस स्पीड से वंदे भारत ट्रेन से सफर करने का किराया भर रहे हैं, उसमें आधी रफ्तार में ही यात्रा करने को मिल रही है।

110 की स्पीड वाले ट्रैकों पर ही मिली ज्यादा कामयाबी

रेलवे मंत्रालय के आंकड़े बताते हैं कि 2014 में भारतीय रेलवे के 60% ट्रैक ऐसे थे, जिन पर ट्रेन दौड़ने की स्पीड लिमिट 110 किमी प्रति घंटे से कम थी। वहीं 2025 तक यह आंकड़ा घटकर 21.6% हो जाएगा। यानी 39 फीसदी के करीब ट्रैक स्पीड के मामले में अपग्रेड हुए हैं। अच्छी बात यह है कि 130 किमी/घंटा या उससे ज्यादा की स्पीड क्षमता वाले ट्रैक तेजी से बढ़ रहे हैं, जो 2014 में सिर्फ 6.3% थे, वे 2025 में 21.8% हो जाएंगे।
Vande Bharat

78.2% ट्रैक ऐसे जहां नहीं दौड़ सकती 130 की स्पीड से ट्रेन

इन आंकड़ों से साफ है कि ट्रैक अपग्रेडेशन पर काम हुआ है, लेकिन अब भी 78.2% ट्रैक ऐसे हैं, जो 130 किमी प्रति घंटे या उससे ज्यादा की रफ्तार सहन नहीं कर सकते। ऐसे में वंदे भारत की पूरी क्षमता का इस्तेमाल नामुमकिन लग रहा है। रेल मंत्री ने सफाई दी कि ट्रेन की औसत गति कई चीजों पर निर्भर करती है। मसलन पुराने ट्रैक पर ज्यादा स्पीड मुमकिन नहीं है। इसके साथ ही अगर ट्रेन बार-बार रुकेगी तो गति का फायदा नहीं मिलेगा। ट्रैक पर होने वाले मरम्मत काम भी ट्रेन की स्पीड में रुकावट बनते हैं।
Vande Bharat Speed Test
भारतीय रेल ने स्लीपर वंदे भारत ट्रेन भी चलाई है। (फोटो सोर्स : Indian Railways)

क्या करता है रेलवे दावा

रेलवे का दावा है कि यह बदलाव कई तकनीकी सुधारों से हासिल किया गया है, जैसे कि 60 किलो के भारी रेल ट्रैक का इस्तेमाल, चौड़े बेस वाले कंक्रीट स्लीपर्स, लंबे रेल पैनल और बेहतर ट्रैक स्ट्रक्चर। इन बदलावों से दिल्ली-मुंबई और दिल्ली-हावड़ा जैसे व्यस्त रूटों को 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के लिए तैयार किया जा रहा है।

कितनी वंदे भारत चल रहीं

2019 में चेन्नै स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) में वंदे भारत ट्रेन को तैयार किया गया। इसके बाद कई प्रमुख रूटों पर इन ट्रेनों को चलाया गया। मौजूदा समय में 144 Vande Bharat Train चलाई जा रही हैं।
Vande Bharat Speed Test
यह है नई नवेली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन। (फोटो सोर्स : Indian Railways)

कितनी अधिकतम स्पीड से दौड़ती है कौन सी ट्रेन

1; वंदे भारत एक्सप्रेस – ट्रेन 18 (22439) की अधिकतम गति 180 किमी/घंटा है।
2; गतिमान एक्सप्रेस (12049 / 12050) की फास्टेस्ट स्पीड 160 किमी/घंटा है।

3; नई दिल्ली – भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस (12002) की अधिकतम गति 150 किमी/घंटा है।

4; मुंबई – नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (12951) और नई दिल्ली – कानपुर शताब्दी एक्सप्रेस (12034) की सर्वाधिक गति 140 किमी/घंटा है।
5; नई दिल्ली – हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस (12302) और नई दिल्ली – सियालदह दूरंतो एक्सप्रेस (12260) की अधिकतम गति 135 किमी/घंटा है।

Vande Bharat Speed Test
Indian Railways की स्लीपर वंदे भारत में ऐसी सीटें हैं। (फोटो सोर्स : Indian Railways)
6; मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनस – हजरत निजामुद्दीन एसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस (22109) की तेज स्पीड 130 किमी/घंटा है।
7; हजरत निजामुद्दीन – बांद्रा गरीब रथ (12910) की अधिकतम गति 130 किमी/घंटा है।

8; मुंबई सेंट्रल – अहमदाबाद एसी डबल डेकर एक्सप्रेस (12932) की मैक्सिमम स्पीड 130 किमी/घंटा है।

9; नई दिल्ली – हावड़ा दूरंतो एक्सप्रेस (12273), नई दिल्ली – इलाहाबाद दूरंतो एक्सप्रेस (12276), हावड़ा – आनंद विहार युवा एक्सप्रेस (12249) की अधिकतम गति 120 से 130 किमी/घंटा है।
10; महाराष्ट्र संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (12908) की अधिकतम गति 110 किमी/घंटा है।

11; कोटा – हजरत निजामुद्दीन जनशताब्दी एक्सप्रेस (12059) की सबसे ज्यादा स्पीड 110 किमी/घंटा है।

Hindi News / Business / Vande Bharat Speed Test : टिकट 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार का…पर स्पीड 76 की?

ट्रेंडिंग वीडियो