मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रियों से कहा कि प्रदेश में मत्स्य पालन के क्षेत्र में कार्यरत सभी व्यक्तियों के समग्र कल्याण एवं सम्मान के लिए निषादराज सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। निषादराज जयंती 10 जुलाई को है लेकिन निषादराज सम्मेलन 12 जुलाई को आयोजित किए जाएंगे।
सीएम डॉ. यादव ने सभी मंत्रियों को अपने अपने जिलों में जाकर शेष रह गए विज़न डाक्यूमेंट अगले 10 दिन में पूर्ण करने को कहा। उन्होंने 7 जुलाई को पंजाब के लुधियाना में उद्योगपतियों के साथ हुए संवाद के अनुभव साझा करते हुए बताया कि पंजाब के सभी उद्योगपति मध्यप्रदेश से आत्मीयता से जुड़ना चाहते हैं।
मासिक आर्थिक सहायता राशि के अतिरिक्त 250 रूपए की विशेष सहायता राशि
मंत्रियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाड़ली बहना योजना का भी प्रमुख रूप से उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस बार लाड़ली बहनों के खाते में 12 जुलाई को राशि अंतरित की जाएगी। सीएम ने यह भी बताया कि अगले माह आने वाले रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर लाड़ली बहनों को विशेष सहायता राशि दी जाएगी। लाड़ली बहना योजना के तहत वर्तमान में दी जा रही मासिक आर्थिक सहायता राशि के अतिरिक्त 250 रूपए की विशेष सहायता राशि भी उनके खातों में अंतरित की जाएगी। प्रदेश की करीब 1.27 करोड़ लाड़ली बहनों को सीधा लाभ मिलेगा।