लोकसभा व राज्यसभा में हंगामा के कारण दो दिनों से संसदीय कामकाज बाधित हो रहा है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसके लिए कांग्रेस सहित विपक्षी गठबंधन को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने INDI गठबंधन पर किसानों से संबंधित चर्चा से भागने का गंभीर आरोप लगाया।
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि INDI गठबंधन ने लोकतंत्र को हुल्लड़, हंगामा और हुड़दंग तंत्र में बदल दिया है। ये पाखंड कर रहे हैं, चर्चा से भाग रहे हैं। शिवराज सिंह चौहान बोले, मैं हाथ जोड़ता रहा कि चर्चा होने दें… किसानों और गरीबों से संबंधित 11 प्रश्न थे लेकिन विपक्ष भाग गया… पूरा देश और किसान विपक्ष का ये दोहरा चरित्र देख रहे हैं।
केंद्रीय कृषि मंत्री के इस आरोप पर पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने पलटवार किया। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान को संबोधित करते हुए कहा कि आप किसानों की प्रमुख समस्याओं पर सदन में चर्चा करना चाहते हैं लेकिन मुझे यह पता है कि असली समस्याएं क्या हैं? पांच प्रमुख क्षेत्रों में किसानों की समस्याएं 2025 में भी यथावत हैं। बात और बयान से कोई बदलाव होगा भी नहीं।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि कृषि के क्षेत्र में केवल चेहरा बदला है, पुरानी समस्याएं, चुनौतियां अभी भी बरकरार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष पर दोष मढ़ने से भाजपाई सत्ता के अपराध कम नहीं होंगे।