परिवार परामर्श केंद्र के अलावा “पिंक बूथ” केंद्र भी बनाए गए
मिशन शक्ति के तहत परिक्षेत्र, बस्ती के जनपद बस्ती में परिवार परामर्श (काउन्सलिंग) हेतु मुख्यालय स्तर पर परिवार परामर्श केन्द्र स्थापित है। महिला उत्पीड़न, पारिवारिक विवाद, दहेज की मांग, घरेलू हिंसा इत्यादि के सम्बन्ध में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण एवं ऐसे प्रकरणों में काउंसलिंग हेतु मुख्यालय स्तर पर परिवार परामर्श केन्द्र के अतिरिक्त उक्त पिंक बूथों को परामर्श केन्द्र के रूप में प्रयोग किया जायेगा।
चार थानों में बनाए गए “पिंक बूथ”, दर्ज होगी महिला संबंधी शिकायतें
वर्तमान में महिला उत्पीड़न, पारिवारिक विवाद, दहेज की मांग, घरेलू हिंसा इत्यादि के सम्बन्ध में काफी शिकायतें / प्रकरण प्रकाश में आ रहे हैं, जिसके दृष्टिगत मिशन शक्ति के तहत जनपद में 04 सर्किल केंद्रों – थाना कोतवाली, थाना रुधौली, थाना हरैया, थाना नगर- पर किया पिंक बूथ स्थापित किया गया है।
महिलाओं के उत्पीड़न संबंधी होंगी शिकायतें
इन पिंक बूथों के माध्यम से पति-पत्नी एवं पारिवारिक विवाद / मतभेद के ऐसे प्रकरणों में मध्यस्थता कर उनका सम्यक निराकरण कराया जायेगा। इसका मुख्य उद्देश्य थानें में आने वालें पारिवारिक विवाद सम्बन्धी शिकायतों में कमी लाना, विवाद से ग्रस्त व्यक्ति व परिवारों को वार्तालाप हेतु अनुकूल वातावरण प्रदान करना, दोनों पक्षों को कांउसलर उपलब्ध कराना, दोनों पक्षों को आवश्यक होने पर अन्य आवश्यक स्थानीय संसाधनों जैसे सरकारी व गैर सरकारी संस्थाओं/ आश्रय गृहों अथवा स्वास्थ्य सेवाओं हेतु संदर्भित (रेफर) करना तथा कानून की परिधि में विवादों को सुलझाने हेतु पुलिस विभाग में दक्षता व अनुभव को सुदृढ़ करना।
शिकायतों का होगा त्वरित निस्तारण
पिंक बूथ के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों, हॉट स्पॉट एवं ऐसे स्थान जहां महिलाओं का आवागमन अधिक रहता है, पर महिला पुलिस अधिकारी / कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराते हुये महिलाओं में सुरक्षा की भावना जागृत कर पीडित महिलाओं की शिकायतों का त्वरित गति से समाधान किया जायेगा।
महिलाओं को सुरक्षा की भावनाओं का एहसास कराएंगे पिंक बूथ
सामान्यतः महिलायें अपनी शिकायतों को लेकर थाने/चौकी जाने में असहजता महसूस करती हैं। पिंक बूथ के स्थापित होने के पश्चात महिलायें निःसंकोच सहजता के साथ निर्भीक होकर अपने साथ घटित किसी भी छोटी से छोटी घटना के सम्बन्ध में महिला पुलिस कर्मियों से सहायता प्राप्त कर सकती हैं। पिंक बूथ का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा की भावना स्थापित करना एवं उनकी समस्याओं का प्रभावी त्वरित समाधान करना है। महिला कर्मियों द्वारा पिंक बूथ पर महिलाओं की समस्याओं को सुनकर निस्तारण करने से महिलाओं में सुरक्षा की भावना जागृत होगी।