3 जून से मुख्य अनुष्ठानों की होगी शुरुआत
3 जून से राम मंदिर में विधिवत प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इस दिन यज्ञ मंडप की पूजा, पंचांग पूजन, यज्ञ मंडप पूजन, देवताओं का आह्वान, ग्रह यज्ञ, अग्नि स्थापना और हवन की प्रक्रियाएं वैदिक आचार्यों द्वारा की जाएंगी। इसी दिन प्रतिमाओं का जलाधिवास भी प्रारंभ होगा। इसके बाद 4 जून को पालकी यात्रा निकाली जाएगी और विभिन्न अधिवासों का आयोजन किया जाएगा। 5 जून को मुख्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह
ट्रस्ट की ओर से मिली जानकारी की मानें तो 5 जून को ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि पर गंगा दशहरा के दिन राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होना तय किया गया है। यही तिथि द्वापर युग के प्रारंभ और गंगा जी के अवतरण की भी मानी जाती है, जिससे इस दिन का महत्व और भी बढ़ जाता है।
सीएम योगी भी होंगे शामिल
इस दिन राम मंदिर के प्रथम तल पर राम दरबार, लक्ष्मण जी और सप्त मंदिरों में सात देवी-देवताओं की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इन मूर्तियों को पहले ही अयोध्या लाकर मंदिर में स्थापित किया जा चुका है। इस शुभ कार्य में अयोध्या और काशी के कुल 101 विद्वान आचार्य भाग लेंगे। इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि होंगे। इसके अतिरिक्त लगभग 20 संत-धर्माचार्य, 15 प्रमुख गृहस्थ और ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी भी आमंत्रित हैं।