scriptराजगढ़ रेलवे स्टेशन पर पुनर्विकास कार्यों का पीएम मोदी ने किया वर्चुअल लोकार्पण | PM Modi virtually inaugurated the redevelopment work at Rajgarh railway station | Patrika News
अलवर

राजगढ़ रेलवे स्टेशन पर पुनर्विकास कार्यों का पीएम मोदी ने किया वर्चुअल लोकार्पण

केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव बोले – पीएम मोदी के नेतृत्व में देश आधुनिक व संकल्पवान राष्ट्र के रूप में बढ़ रहा है आगे

अलवरMay 24, 2025 / 12:14 am

Ramkaran Katariya

राजगढ़. अमृत भारत योजना के तहत राजगढ़ रेलवे स्टेशन पर 13 करोड़ 10 लाख रुपए की लागत से हुए पुनर्विकास कार्यों का गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल लोकार्पण किया। अब यहां यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेगी।
राजगढ़ रेलवे स्टेशन पर आयोजित विकास कार्यों के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि केन्द्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्री भूपेन्द्र यादव रहे। उन्होंने कहा कि देश में रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास के लिए संचालित अमृत भारत स्टेशन योजना में राजगढ़ रेलवे स्टेशन का भी चयन हुआ था। यहां विकास कार्य कराए जाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस योजना से राजगढ़ रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। पुनर्निर्माण कार्यों से यात्रियों को आधुनिक व बेहतर सुविधाएं मिल सकेगी। रेलवे स्टेशन पर विकास कार्यों में स्थानीय कला व यात्रियों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की मांग के अनुरूप राजगढ़ रेलवे स्टेशन पर और अधिक ट्रेनों का ठहराव कराने की दिशा में सकारात्मक कार्य किया जाएगा। केन्द्रीय मंत्री यादव ने कहा कि देश पीएम मोदी के नेतृत्व में एक आधुनिक संकल्पवान, मजबूत व सशक्त भारत के रूप में आगे बढ़ रहा है। देश अब आतंकवाद को माकूल जबाव देना जानता है। पीएम मोदी की प्रेरणा से क्षेत्र में शिक्षा और खेल को बढावा देने के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्टेशन को आधुनिक रूप मिल गया है। अब इसे हरा-भरा करने के लिए नगरपालिका से समन्वय कर पौधरोपण कराया जाएं। उन्होंने ईआरसीपी योजना की नई डीपीआर में राजगढ़ क्षेत्र को जोड़ने पर प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने नागरिकों से रेलवे स्टेशन को स्वच्छ व साफ रखने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि राजगढ़, अलवर क्षेत्र की सौ वर्ष पुरानी नगरपालिका हैं। इसे नगर परिषद बनाने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को अवगत कराया जाएगा।
13 करोड़ 10 लाख से हुआ पुनर्विकासमण्डल रेल प्रबन्धक जयपुर विकास पुरवार ने बताया कि अमृत भारत योजना के तहत राजगढ़ रेलवे स्टेशन पर 13 करोड़ 10 लाख की लागत से आधुनिक पोर्च, पार्किंग विस्तार, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रवेश हॉल, वेटिंग हॉल, प्रतीक्षालय, नए प्लेटफाॅर्म सेल्टिंग, दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए टॉयलेट व वाटर बूथ, उन्नत व बेहतर फर्नीचर, पर्यावरण अनुकूल सौर ऊर्जा का उपयोग, वर्षा जल संचय प्रणाली, प्लेटफाॅर्म एक से दूसरे पर जाने के लिए इंटिगेशन बोर्ड, 12 मीटर चौड़ा एक्वोमीटर सहित अनेक विकास कार्य कराए गए हैं। इस मौके पर समारोह में पूर्व कैबिनेट मंत्री हेमसिंह भड़ाना, जिला प्रमुख बलवीर सिंह छिल्लर, राजगढ़ -लक्ष्मणगढ़ के विधायक मांगेलाल मीना, भाजपा नेता बन्नाराम मीना, नगरपालिका चेयरमैन सतीश दुहारिया, जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता, पूर्व विधायक बनवारीलाल सिंघल, डीआरएम विकास पुरवार, वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक जयपुर पूजा मित्तल, वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी डॉ. हीरा अरोड़ा, महन्त प्रकाशदास, भाजपा जिला महामंत्री एडवोकेट शिवलाल मीना, ऋषिराज शर्मा, लोकेश रावत, जगदीश आर्यभट्ट, प्रमोद शर्मा, प्रधान भौंरी देवी राठौड़, जिला उपाध्यक्ष विष्णु शर्मा, पदमा गोयल, सीता जोशी, प्रीति विजय, खेमसिंह आर्य, अनिल गुप्ता सहित भाजपा के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।निकाली तिरंगा रैली
केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव के नेतृत्व में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता व भारतीय सेना के सम्मान में कस्बे के गणेश पोल से तिरंगा रैली शुरू हुई। इससे पहले यादव ने रिद्धि-सिद्धि गणेश मन्दिर में पूजा-अर्चना की। देशभक्ति के गीतों के साथ तिरंगा रैली में सैकड़ों ग्रामीण एवं भाजपा कार्यकर्ता भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाते हुए चल रहे थे, जिससे पूरा वातावरण गूंजायमान रहा। इस दौरान पण्डित भवानी सहाय की प्रतिमा पर यादव ने माल्यार्पण किया। कस्बे के चौपड़ बाजार, सराय बाजार, मेला का चौराहा होते हुए तिरंगा रैली राजगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचकर सम्पन्न हुई। रैली का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता, भाजपा नेता बन्नाराम मीना, संजय नरूका, पूर्व विधायक बनवारीलाल सिंघल सहित कई लोग मौजूद रहे।

Hindi News / Alwar / राजगढ़ रेलवे स्टेशन पर पुनर्विकास कार्यों का पीएम मोदी ने किया वर्चुअल लोकार्पण

ट्रेंडिंग वीडियो