28 लोगों की मौत
जानकारी के अनुसार लकुरावा संगठन के आतंकियों ने बुधवार को सोकोतो (Sokoto) राज्य के एक गांव पर हमला किया। आतंकियों ने गांववासियों पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की, जिससे हाहाकार मच गया। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस आतंकी हमले में 17 लोगों की मौत हो गई, जिसकी जानकारी स्थानीय लोगों ने दी। वहीं गुरुवार को इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका के आतंकियों ने बोर्नो (Borno) राज्य के मालम फतोरी (Malam Fatori) शहर पर हमला किया और आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों के लिए एक शिविर को निशाना बनाया। आतंकियों ने अंधाधुंध गोलीबारी करते हुए 11 लोगों को मार गिराया। दोनों हमलों में कुल 28 लोग मारे गए।
20 लोग घायल
इन दोनों आतंकी हमलों में 20 लोग घायल हो गए। घायलों को बॉर्डर के दूसरी तरफ नाइजर (Niger) में बोसो (Bosso) के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों का इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। कुछ लोगों को अस्पताल से छुट्टी भी मिल गई है।
आतंकियों के खिलाफ अभियान जारी
नाइजीरिया में आतंकियों के खिलाफ अभियान जारी है। इस तरह के हमलों को रोकने के लिए सेना और पुलिस दोनों ही काम कर रही हैं। सेना ने आतंकियों से निपटने के लिए एक टास्क फोर्स भी बनाई हुई है।