डॉक्यूमेंट्री में अत्याधुनिक थ्री-डी ग्राफिक्स, ड्रोन शॉट्स और भव्य भौगोलिक दृश्यों के माध्यम से नाथ मंदिरों का ऐतिहासिक वैभव और उनकी वास्तुकला को जीवंत किया जाएगा। साथ ही, स्थानीय पुजारियों और श्रद्धालुओं के अनुभव भी शामिल होंगे, जिससे दर्शकों को आध्यात्मिक यात्रा का गहरा अनुभव प्राप्त होगा।
नाथ कॉरिडोर और ‘रुद्र वनम’ की झलक
बरेली में मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘नाथ कॉरिडोर’ के तहत महाभारतकालीन सात नाथ मंदिरों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण का कार्य प्रारंभ हो चुका है। इस दौरान उन्होंने ‘रुद्र वनम’ नामक एक भव्य शिव उद्यान का शिलान्यास भी किया। बीडीए के उपाध्यक्ष डॉ. ए. मणिकंदन ने मुख्यमंत्री को इस परियोजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रुद्र वनम में भगवान शिव की ऊंची कांस्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। यहां पुष्प और वृक्षों की विशिष्ट वाटिकाएं, रंग-बिरंगे लाइटिंग से युक्त म्यूजिकल फाउंटेन और वैदिक मंत्रोच्चार की व्यवस्था भी होगी।
डॉक्यूमेंट्री और लाइट एंड साउंड शो से निखरेगी आध्यात्मिक विरासत
नाथ कॉरिडोर, सेंट्रल पार्क और रामायण वाटिका पर एक डॉक्यूमेंट्री भी तैयार की जा रही है। वास्तुविद सुमित अग्रवाल की परिकल्पना पर आधारित इस प्रोजेक्ट में मानसरोवर नामक एक झील भी बनाई जा रही है, जिसमें वर्षा जल संचय की व्यवस्था होगी। इसके आसपास वोटिंग और पिकनिक की सुविधाएं भी होंगी। डॉक्यूमेंट्री के अलावा झील के पास एक लाइट एंड साउंड शो की भी योजना है, जिसमें शिव महिमा, नाथ परंपरा का इतिहास और कॉरिडोर की विकास यात्रा को भव्य दृश्यों के साथ प्रस्तुत किया जाएगा।
रुद्र वनम से बरेली बनेगा धार्मिक पर्यटन का केंद्र
रामायण वाटिका के बाद रुद्र वनम के विकास से बरेली में धार्मिक पर्यटन को नया आयाम मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रुद्र वनम परियोजना की समीक्षा के दौरान इसके तेजी से निर्माण के निर्देश दिए और इसकी प्रशंसा करते हुए इसे प्रदेश में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत के समन्वय का प्रतीक बताया। परियोजना के अंतर्गत बाल वाटिका, जैव विविधता पार्क और फूड चौपाटी का निर्माण भी किया जाएगा। बच्चों के लिए खेल-कूद की सुविधाएं और पर्यटकों के लिए खान-पान व मनोरंजन की पूर्ण व्यवस्था की जा रही है।