मौके पर मौजूद पुलिस और इनसेट में मृतक महिला। फोटो: पत्रिका
Tonk Murder Case: टोंक। बनेठा थाना क्षेत्र के सुरेली गांव में शराब के नशे में धुत्त एक शख्स ने कुल्हाड़ी से हमला कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी ने मां के बचाव में आई पुत्री पर भी वार कर दिए। इससे वह भी घायल हो गई। मां-बेटी की चीख-पुकार सुनकर आए आस-पड़ोस के लोग आए और दोनों को अस्पताल ले कर गए। जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
वहीं पुत्री को जिला सआदत अस्पताल में भर्ती कराया है। इधर, पड़ोसियों के आने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। बनेठा थाना प्रभारी रामगिलास रैगर ने बताया कि मृतका काली देवी (45) पत्नी रामसहाय रैगर है। घायल पुत्री खुशबू रैगर है। उसका उपचार जारी है।
आंगन में सो रही थी मृतका
बनेठा थाना पुलिस को चिरोंज निवासी मृतका के भाई राजेंद्र रैगर ने रिपोर्ट दी है। इसमें राजेन्द्र रैगर ने बताया कि उसका जीजा रामसहाय कारीगरी का काम करता है। वह शराब का आदी है और आए दिन शराब पीकर घर आता है और नशे में पत्नी और बेटी के साथ मारपीट करता था।
रिपोर्ट में बताया कि सोमवार रात करीब 12 बजे राम सहाय शराब पीकर आया और घर के आंगन में चारपाई पर सो रही काली रैगर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। बीच बचाव करने आई बेटी खुशबू रैगर (13) पर भी आरोपी रामसहाय ने वार किए। इसके बाद वह फरार हो गया।
आवाज सुनकर आए पड़ोसी
हमले में दोनों मां, बेटी नीचे गिर गई। उनकी चीख-पुकार सुनकर पड़ौसी आए और दोनों को लहूलुहान हालत में कार से सआदत अस्पताल टोंक में भर्ती करवाया। जहां मां काली रैगर को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं खुशबू का इलाज जारी है। पुलिस ने मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम करा शव पीहर पक्ष को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज हत्या के आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
आए-दिन होता था झगड़ा
सुरेली निवासी व मृतका के पड़ोसी शंकर आदि ने बताया कि कारीगरी का काम करने वाला रामसहाय तीन-चार साल से रोजाना शराब पीता था। आए दिन घर में झगड़ा करता था। सोमवार रात भी वह शराब के नशे में घर आया। इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ तो गुस्साए पति ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी। बचाव के लिए आई बेटी पर कुल्हाड़ी से कई वार कर दिए।
बनेठा थाना प्रभारी रामगिलास गुर्जर ने बताया कि सुरेली गांव निवासी रामसहाय रैगर पुत्र जयकिशन की तलाश जारी है। इधर, पुलिस उपाधीक्षक उनियारा रघुवीर सिंह भाटी ने भी मौके पर पहुंच कर जानकारी ली। थाना प्रभारी को आवश्यक निर्देश दिए। वहीं फोरेंसिक व मोबाइल इन्वेस्टिगेशन टीम ने मौके पर पहुंच कर बारीकी से घटना के तथ्य व साक्ष्य एकत्र किए।