scriptWimbledon 2025 का आगाज आज से, डिफेंडिंग चैंपियन अल्कारेज के पास खिताबी हैट्रिक बनाने का मौका | Wimbledon 2025 begins today, defending champion Carlos Alcaraz has chance to make title hat-trick | Patrika News
Tennis News

Wimbledon 2025 का आगाज आज से, डिफेंडिंग चैंपियन अल्कारेज के पास खिताबी हैट्रिक बनाने का मौका

Wimbledon 2025: विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट का आगाज आज 30 जून से होने जा रहा है। इस साल के तीसरे ग्रैंड स्लेम में दुनिया के दिग्गज टेनिस खिलाडि़यों का जलवा देखने को मिलेगा तो डिफेंडिंग चैंपियन अल्कारेज के पास खिताबी हैट्रिक बनाने का मौका होगा।

भारतJun 30, 2025 / 07:26 am

lokesh verma

Wimbledon 2025

Wimbledon 2025: विंबलडन ट्रॉफी के साथ कार्लोस अल्‍कारेज।

Wimbledon 2025: इस साल का तीसरा ग्रैंड स्लेम विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट आज सोमवार 30 जून से शुरू होने जा रहा है। मुख्य ड्रॉ के पहले दौर के मुकाबले में दुनियाभर के शीर्ष खिलाड़ी जीत से आगाज करना चाहेंगे। खासतौर पर सभी की नजरें मौजूदा चैंपियन स्पेनिश खिलाड़ी कार्लोस अल्कारेज पर होंगी, जो यहां पिछले दो बार के चैंपियन हैं। ऐसे में अल्‍कारेज के पास खिताबी हैट्रिक लगाकर इतिहास रचने का मौका होगा।

फाबियो फोगनेनी से होगा मुकाबला

टूर्नामेंट में दूसरी वरीय अल्कारेज यहां पहली बार 2023 और दूसरी बार 2024 में चैंपियन बन थे। 22 वर्षीय स्पेनिश खिलाड़ी यदि यहां खिताब बचाने में सफल रहे तो वे विंबलडन में खिताबी हैट्रिक बनाने वाले पहले स्पेनिश खिलाड़ी बन जाएंगे। उनका पहला मुकाबला इटालियन खिलाड़ी फाबियो फोगनेनी से होगा।

नंबर-1 सिनर इतिहास रचना चाहेंगे

दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी और टॉप सीड जेनिक सिनर की नजरें यहां पहली बार चैंपियन बनने पर होंगी। तीन बार के ग्रैंड स्लेम चैंपियन सिनर का विंबलडन में प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है और वे 2023 में यहां सिर्फ सेमीफाइनल तक पहुंचे। हाल ही में उन्हें फ्रेंच ओपन के फाइनल में अल्कारेज से शिकस्त मिली है। वह एक जुलाई को पहले राउंड में हमवतन लुका नार्डी से भिड़ेगे।

जोकोविच की नजरें 25वें ग्रैंड स्लेम पर

सात बार के पूर्व चैंपियन जोकोविच की नजरें 2022 के बाद यहां पहला खिताब जीतने के अलावा रिकॉर्ड 25वां ग्रैंड स्लेम जीतने पर भी होंगी। 38 वर्षीय सर्बियाई खिलाड़ी 2023 के बाद से कोई ग्रैंड स्लेम नहीं जीते हैं। ऐसे में वो दो साल का खिताबी सूखा खत्म करना चाहेंगे। छठी वरीय जोकोविच पहले दौर में एक जुलाई को फ्रांस के एलेक्जेंडर मुलर के खिलाफ आगाज करेंगे।

क्रेजिकोवा की राह आसान नहीं

2024 में पहली बार विंबलडन का महिला एकल खिताब जीतने वाली चेक गणराज्य की बारबोरा क्रेजिकोवा के लिए चुनौती आसान नहीं होगी। विंबलडन में 2016 के बाद कोई खिलाड़ी खिताब नहीं बचा सकी है। 17 वरीय क्रेजिकोवा की पहले दौर में भिड़ंत फिलिपींस की खिलाड़ी एलेक्जेंद्रा ईला से होगी।

सबालेंका की नजरें पहली बार चैंपियन बनने

दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी बेलारूस की आर्यना सबालेंका पिछले दो साल से यहां सेमीफाइनल से आगे नहीं बढ़ सकी हैं। उनकी नजरें यहां पहली बार चैंपियन बनने और इस साल अपना पहला ग्रैंड स्लेम जीतने पर होगी।

गॉफ सुधारना चाहेंगी रिकॉर्ड

हाल में फ्रेंच ओपन जीतने वाली दुनिया की नंबर दो खिलाड़ी कोको गॉफ विंबलडन में न सिर्फ अपना रेकॉर्ड सुधारना चाहेंगी बल्कि यहां पहला खिताब भी जीतना चाहेंगे। वह यहां कभी चौथे राउंड से आगे नहीं बढ़ सकी हैं।

ये भी जानें

1877 में पहले पुुरुष एकल चैंपियन ब्रिटेन के स्पेंसर गोरे थे

35 खिताब सर्वाधिक अब तक ब्रिटेन के प्‍लेयर्स ने जीते

08 बार सर्वाधिक खिताब स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर ने जीते
महिला एकल में

1884 में पहला खिताब ब्रिटेन की मॉड वॉटसन ने जीता

28 खिताब सर्वाधिक अमरीकी खिलाडिय़ों ने जीते

09 खिताब सबसे अधिक अमरीका की मार्टिना नवरातिलोवा ने जीते

चैंपियन पर बरसेगा पैसा

5671 करोड़ रुपए कुल विंबलडन की इनामी राशि है
25.64 करोड़ रुपए महिला-पुरुष चैंपियन को मिलेंगे

Hindi News / Sports / Tennis News / Wimbledon 2025 का आगाज आज से, डिफेंडिंग चैंपियन अल्कारेज के पास खिताबी हैट्रिक बनाने का मौका

ट्रेंडिंग वीडियो