श्मशान घाट में प्रेमी को पीटाचूनावढ़ थाने के एएसआई कंवरपाल सिंह ने बताया कि 20 जीजी निवासी सुखदेव सिंह का एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़की का गांव 20 जीजी में ननिहाल है। लड़की की बुधवार को शादी होनी थी, परन्तु सुखदेव सुबह चार बजे ही उसे गांव से भगाकर घड़साना थाना क्षेत्र में मलकीसर में अपने रिश्तेदार के घर ले गया।
इसकी सूचना लड़की के हिस्ट्रीशीटर मामा जंटा व अन्य को लगी तो उसने सुखदेव व लड़की को मलकीसर से गाड़ी में उठा लिया। लड़की को पदमपुर उतार दिया और प्रेमी को गांव 2 एच के श्मशान घाट ले गया, जहां उससे बुरी तरह मारपीट की गई।
मामला दर्ज, घड़साना पुलिस करेगी जांच
घटना की सूचना शाम को किसी ने चूनावढ़ पुलिस को दे दी। इस पर चूनावढ़ थाने से एएसआई कंवरपाल सिंह मौके पर गए और घायल युवक को चूनावढ़ सीएचसी में भर्ती कराया। घायल के बयानों के आधार पर जंटा व अन्य के खिलाफ जीरो नंबर की एफआईआर दर्ज कर इसे घड़साना पुलिस को भेजा गया है। मामले की जांच अब घड़साना पुलिस करेगी। वहीं युवक की गंभीर हालत देखते हुए उसे श्रीगंगानगर रेफर कर दिया है।