scriptTMC सांसद सायोनी घोष बनी विपक्ष की राजनीति की नई ताकत, क्यों उनके भाषण हो रहे वायरल, उनके बारे में यहां जानिए सबकुछ | tmc mp saayoni ghosh new opposition force viral speeches read everything about saayoni ghosh | Patrika News
Patrika Special News

TMC सांसद सायोनी घोष बनी विपक्ष की राजनीति की नई ताकत, क्यों उनके भाषण हो रहे वायरल, उनके बारे में यहां जानिए सबकुछ

TMC MP Saayoni Ghosh: भारतीय राजनीति में सायोनी घोष तेजी से लोकप्रिय हो रही हैं। पिछले दिनों लोकसभा के मानसून सत्र में उनके भाषण चर्चा में रहे। आइए यहां सायोनी के बारे में विस्तार से जानते हैं।

भारतAug 13, 2025 / 03:11 pm

स्वतंत्र मिश्र

TMC MP Saayoni Ghosh

तृणमूल की युवा सांसद सायोनी घोष (Photo: IANS)

TMC MP Saayoni Ghosh: ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस ने एक से बढ़कर एक फायरब्रांड पैदा किया है। आजकल नया नाम सायोनी घोष का तेजी से सभी के दिलोदिमाग पर छा रहा है। 32 वर्ष की सायोनी घोष ने चालू मानसून सत्र में तल्खी और खिल्ली भरे अंदाज में भाषण देकर एक ओर सत्तापक्ष के नेताओं के चेहरों की हवाइयां उड़ा दी, वहीं दूसरी ओर विपक्ष के नेताओं और उनके समर्थकों का दिल जीत लिया। भारतीय राजनीति के आकाश में सायोनी घोष नाम का एक सितारा और चमक उठा है। सायोनी घोष ने फिल्म की दुनिया छोड़कर राजनीति का कठिन रास्ता चुना और 2024 में जाधवपुर लोकसभा सीट से बीजेपी के अनिर्बान गांगुली को 2.58 लाख हजार से ज्यादा वोटों से परास्त कर सांसद बनी थीं। आइए यहां सायोनी घोष (Saayoni Ghosh) के बारे विस्तार से जानते हैं।

संबंधित खबरें

कैसे बनी राजनीतिक सुर्खियों का केंद्र?

Saayoni Ghosh Bengali film Actress: सायोनी बंगाली फिल्मी और टेलीविजन सीरियल में बतौर अभिनेत्री काम करती रही हैं। वह बांग्ला सिंगर के बतौर काफी प्रसिद्ध हैं। लोकसभा में बेबाकी से अपनी बात रखने के बाद वह काफी चर्चा में हैं। उनके नए और पुराने भाषणों के क्लिप वायरल हो रहे हैं। उन्होंने लोकसभा के मानसून सत्र (Loksabha Monsoon Session) में बीजेपी सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) और गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) पर तल्ख और मजाहिया अंदाज में टिप्पणियां की। उनकी एक बेहद वायरल क्लिप में वह कह रही हैं- अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप (Donald Trump) ने 28 बार यह मैसेज दिया कि ट्रंप ने वॉर रूकवा ​दी पापा। आप इस वीडियो में उनके लोकसभा में दिए गए भाषण (Saayoni Ghosh Speech in Loksabha Monsoon Session) का एक अंश देख और सुन सकते हैं।

सदन से सड़क तक सायोनी रहती हैं सक्रिय

सायोनी ना सिर्फ भाषण देने में सक्षम हैं। वह सड़क पर भी जोरदार नेतृत्व कर रही हैं। वह बांग्ला भाषा विवाद पर भी संसद परिसर में विरोध में शामिल हुईं। वह बिहार में एसआईआर के खिलाफ भारतीय चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्षी दलों के मोर्चे में बेहद सक्रिय नजर आ रही हैं। उन्होंने मार्टिन लूथर किंग को कोट करते हुए अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक ट्वीट भी किया है। मार्टिन लूथर के शब्द कुछ इस प्रकार से हैं- ‘अन्यायपूर्ण कानूनों का उल्लंघन करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।’ उनके तेवर और उनकी वाकपटुता की वजह से उनके प्रशंसकों और आलोचकों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।

पहली बार कब चर्चा का केंद्र बनीं?

त्रिपुरा और मेघालय के तत्कालीन राज्यपाल तथागत रॉय (Tathagata Roy, Governor of Tripura and Meghalaya) ने जनवरी 2021 में हिंदू भावनाओं को आहत करने के आरोप में सायोनी घोष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के बाद वह सुर्खियों में आईं। इस घटना के बाद उनकी राजनीतिक प्रतिभा को तृणमूल कांग्रेस ने पहचाना और फरवरी 2021 में उन्हें पार्टी में शामिल कर लिया। पार्टी में शामिल होने के एक महीने बाद ही मार्च 2021 में उन्हें पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Legislative Assembly election 2021 ) में आसनसोल दक्षिण निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया गया। वह इस चुनाव में भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्र पॉल (Agnimitra Paul) से हार गईं। हालांकि पार्टी ने सायोनी की राजनीतिक क्षमता का अंदाजा लगा लिया और वर्ष 2021 के जून में अभिषेक बनर्जी को हटाकर सायोनी को तृणमूल कांग्रेस की युवा शाखा की अध्यक्ष नियुक्त कर दिया। इसके बाद सायोनी घोष बहुत तेजी से राजनीतिक क्षेत्र में अपनी पैठ बनाने में सक्रिय रही हैं।

सायोनी पर घोटाले का लगा था आरोप

सायोनी पर वर्ष 2022 में पश्चिम बंगाल स्कूल सेवा आयोग भर्ती घोटाले का आरोप लगा और इस मामले में ED ने 30 जून 2023 को उनसे 11 घंटे तक पूछताछ की थी ।

इच्छे दाना टेलीफिल्म से शुरू हुआ था फिल्मी कैरियर

सायोनी घोष राजनीति के मैदान में उतरने से पहले फिल्म अभिनेत्री के रूप में अपनी पहचान बना चुकी थीं। उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत टेलीफिल्म ‘इच्छे दाना’ से की थी। 2010 में सायोनी ने फिल्म ‘नोटोबोर नॉटआउट’ से बड़े पर्दे पर डेब्यू किया। इसके बाद उन्होंने राज चक्रवर्ती की ‘शोत्रू’ में कुछ दिग्गज अभिनेताओं के साथ स्क्रीन शेयर किया और बाद में राज चक्रवर्ती की ‘प्रोलॉय ऐश’ में एक पत्रकार का किरदार निभाया। सायोनी ने ‘कनामाची’, ‘अंतराल’, ‘एकला चोलो’, ‘अमर सहोर’, ‘बिटनून’, ‘मेयर बाय’, ‘राजकहिनी’ फिल्मों में काम किया है और अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया।

राजनीतिक सक्रियता बढ़ती गई, फिल्म का दामन छूटता गया

राजनीतिक गतिविधियों में सक्रियता बढ़ने के बाद वह फिल्म से दूर होती चली गईं। वह आखिरी बार अनिक दत्ता की फिल्म ‘अपराजितो’ और सायंतन घोषाल की ‘एलएसडी: लाल सूटकेस ता देखें’ में देखी गईं।

Hindi News / Patrika Special / TMC सांसद सायोनी घोष बनी विपक्ष की राजनीति की नई ताकत, क्यों उनके भाषण हो रहे वायरल, उनके बारे में यहां जानिए सबकुछ

ट्रेंडिंग वीडियो