फालना थाना प्रभारी विक्रम सिंह साधु ने बताया कि धनी निवासी सोहन सिंह अपने खेत पर पानी टैंक के पास कार्य कर रहा था। इस दौरान करीब 4 वर्ष पूर्व निर्मित टंकी की ऊंची दीवार टंकी फटने से अचानक ढह गई। जिससे खेत मालिक व फूल तोड़ रही गिरजा माली पत्नी महेंद्र माली मलबे में दब गए व पास खेल रहा बच्चा प्रवीण भी दीवार की चपेट में आ गया। जो गंभीर घायल हो गया। हताहतों को मलबे से निकाल बाली अस्पताल लाया। जहां डॉक्टरों ने सोहन सिंह (62) व गिरजा माली पत्नी महेंद्र माली (22) को मृत घोषित कर दिया।
महेंद्र माली ने रिपोर्ट दी कि टैंक की दीवार गिरने से उसकी पत्नी व खेत मालिक सोहन सिंह की मृत्यु हो गई। पुलिस ने दोनों शव के पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंपे। घटना की सूचना मिलते ही मौके ग्रामीण जमा हो गए। पुलिस की सहायता से मृतकों को मलबे से बाहर निकाला गया। इस दौरान जेसीबी मशीन का सहारा लेना पड़ा। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर छा गई।