पाली। हाथों में मेहंदी रचाकर पायल की रुनझुन के साथ खुशी बिखरते हुई चार माह पहले पाली आई खुशबू गुरुवार को हर किसी की आंखें नम कर गई। पाली के दोहिता-दोहिती शुभ व शगुन का पूरा परिवार गम में डूब गया। अहमदाबाद से लंदन के लिए जब ये तीनों प्लेन में सवार हुए तो किसी ने नहीं सोचा था कि वे अंतिम बार उनको बाय-बाय कर रहे हैं।
उस समय तो हर किसी के दिल में था बेटी-बहू और दोहिता-दोहिती लंदन पहुंचकर वहां से मुस्कुराते हुए सेल्फी भेजेंगे, लेकिन यह हसरत उनके दिल में ही रह गई जब चंद मिनट बाद ही अहमदाबाद से उड़ान भरने वाला एयर इंडिया का प्लेन क्रेश हो गया।
पिता व देवर गए थे खुशबू को विदा करने
जवाहर नगर निवासी गजेन्द्रसिंह के बेटे विपुल राजपुरोहित की बहू खुशबू राजपुरोहित चार दिन पहले तक पाली थी। वह 10 जून को पीहर अराबा बालोतरा गई। वहां से पिता के साथ 11 को पाली लौटी। यहां से उसी दिन शाम पिता मदनसिंह राजपुरोहित व देवर यशपाल राजपुरोहित के साथ अहमदाबाद रवाना हुई।
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पिता के साथ खुशबू। फोटो: पत्रिका
उन्होंने गुरुवार को उसे खुशी के साथ लंदन रवाना किया। उसके प्लेन में जाने पर पिता मदनसिंह व देवर यशपाल वापस पाली रवाना हुए। वे अहमदाबाद से 25-30 किमी दूर पहुंचे और प्लेन क्रेश होने का समाचार सुनकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। वे तुरंत वापस अहमदाबाद रवाना हुए।
विवाह के समय पति विपुल के साथ खुशबू। फोटो: पत्रिका
उधर, ससुर गजेन्द्रसिंह व परिजन गमगीन हो गए। ससुर अपने परिजन बाबूसिंह राजपुरोहित के साथ अहमदाबाद रवाना हुए। बाबूसिंह ने बताया कि खुशबू के पति विपुल लंदन में नर्सिंग ऑफिसर है। वह उनके पास ही जा रही थी।
पाली के दोहिता-दोहिती शुभ मोदी (22) व शगुन मोदी (24) लंदन घूमने जा रहे थे। उदयपुर निवासी पिता संजीव मोदी व मां श्वेता मोदी ने उन दोनों को खुशी से विदा किया था। वे भी उसी प्लेन में सवार हुए थे, जो क्रेश हो गया। यह समाचार सुनने पर पाली निवासी नाना पदम डागा तुरंत बेटे अभय डागा के साथ अहमदाबाद रवाना हुए। अभय ने बताया कि उनकी बहन के दो ही बच्चे शुभ व शगुन थे। उनको अभी भी विश्वास नहीं हो रहा है कि नीयति ने उनसे सब कुछ छीन लिया है।